कोडरमा: जमीन विवाद में युवक की हत्या, मामला दर्ज

कोडरमा: जिले के तिलैया डैम ओपी अंतर्गत पोकडंडा गांव में शनिवार की सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद किये जाने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव के ही विनीत यादव (32) के रूप में की गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों द्वारा गांव के आठ लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस पड़ताल में जुट गई है।
मृतक पेशे से ट्रक चालक था। शव के गले में रस्सी बंधे होने के साथ चोट के भी निशान मिले हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान हैं। शव को पोकडंडा के खेल मैदान के पास मंडप के नजदीक से बरामद किया गया है। मृतक के पिता भवानी यादव राजमिस्त्री का काम करते हैं। स्थानीय लोग भी इसे हत्या का मामला मान रहे हैं, लेकिन घटना कैसे हुई व किसने इसे अंजाम दिया, इसकी जानकारी किसी को भी नहीं है। पुलिस ने बताया है कि विनीत शुक्रवार शाम को घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। बताया कि शनिवार सुबह मृतक के पिता को घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर विनीत की लाश दिखी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस को दिये आवेदन में मृतक के पिता 65 वर्षीय भवानी यादव ने कहा है कि यह उनका बड़ा बेटा था। शुक्रवार शाम के आठ बजे तक घर नहीं लौटा, तो हमलोगों ने खोजबीन शुरु की। इसी दरमियान एक जगह पर करीब आठ से दस लोगों ने मुझे कहा कि एक- एक कर सब को जान से मार देंगे। मैं वहां से वापस घर लौट गया। भवानी यादव का कहना है कि एक जमीन विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। इस बाबत थाने को आवेदन दिया जा चुका है। उन्होंने मनोज यादव, जागेश्वर यादव, सिकेंद्र यादव, प्रकाश यादव, बुंदेल यादव, मुंशी यादव, गणेश यादव और महेंद्र यादव पर मामला दर्ज कराया है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More