सखी मंडल की महिलांए ईमानदारी से निभाएं दायित्व
पाकुड़: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास में सखी मंडल की महिलाओं से कहा कि आप सभी अपनी जवाबदेही का निवर्हन पूर्ण ईमानदारी व समर्पण भाव से करें। सरकार अपनी जवाबदेही पूर्ण तत्परता के साथ निभाएगी। पाकुड़ परिसदन में रोशनी सखी मंडल ग्रुप की महिलाओं को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि उन्हें यह जानकर अच्छा लगा कि वे कपड़े का बैग बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। सीएम ने कहा कि सरकार द्वारा आपके सशक्तिकरण के लिए किया जा रहा कार्य अब नजर आ रहा है। 2014 तक राज्य में मात्र 43 हजार सखी मंडल का गठन हुआ था, अब 2019 में यह बढ़कर करीब 2 लाख 17 से अधिक हो गया है। 28 लाख से अधिक आप बहने इससे जुड़ी हुई हैं। कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने व आर्थिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार ने ऐसा किया है।
सखी मंडल की महिलाओं से मुलाकात के बाबत उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने स्वार्थवश संथालपरगना की महिलाओं और पुरुषों को गुमराह कर इस क्षेत्र को विकास में पीछे छोड़ दिया। कहा कि अब यह युग विकास का युग है, आप गुमराह हुए जन- जन तक जाकर सरकार की विकासपरक मंशा, नीति और नीयत की जानकारी दें। सीएम ने कहा कि जब गांव का हर व्यक्ति जागकर विकास का महत्व समझेगा तभी देश, राज्य, समाज और परिवार का विकास व आर्थिक उन्नयन संभव होगा। इस बाबत हम सभी को अपने हिस्से की जिम्मेवारी को सामूहिक रुप से निभाना होगा।