कोडरमा: समाहरणालय सभागार में प्रमंडलीय आयुक्त अरविंद कुमार, उत्तरी छोटानागपुर की अध्यक्षता में मतदाता सूची के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2019 का पर्यवेक्षण एवं कार्यों हेतु समीक्षात्मक बैठक आहूत की गयी। बैठक में आयुक्त द्वारा प्रपत्र 6, 7, 8 एवं 8 की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की, कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का प्रचार- प्रसार करने व इसे सुधारने की दिशा व समस्याओं को जल्द से जल्द निबटाया जाय।
आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। उन्होंने पदाधिकारियों से कमजोर वर्ग के मतदाताओं का मतदाता सूची में नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। सभी बूथों पर बीएलओ है या नहीं, इसकी भी बिंदुवार समीक्षा की गई। आयुक्त ने जनप्रतिनिधियों को बताया गया कि वैसे मतदाता जिनकी उम्र 18 वर्ष या अधिक है, वे अपनी मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए बीएलओ के साथ- साथ ईआरओ और एईआरओ से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। आप आवेदन बीएलओ, ईआरओ और एईआरओ के पास जमा कर सकते हैं। साथ ही लिंगानुपात मतदाताओं में सुधार लाने का निर्देश भी इस दौरान दिया गया।
यहां मौजूद जनप्रतिनिधियों ने मतदाता सूची, बूथ परिवर्तन, बीएलओ संबंधी समस्या पर बातें रखी। आयुक्त ने कहा कि एक- एक तथ्य पर फोकस करते हुए काम होगा। कहा कि वोटर लिस्ट में नाम चढ़ाने व संशोधन हेतु चुनाव आयोग की साइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसी भी जानकारी के लिए 1950 नंबर पर कॉल करके चुनाव से संबंधित कोई जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आयुक्त ने इस बाबत जिले के मध्य विद्यालय इंदरवा स्थित बूथ का निरीक्षण किया। इस मौके पर उपायुक्त रमेश घोलप ने भी चुनाव संबधी जानकारी दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक एम तमिल वाणन, उप विकास आयुक्त आलोक त्रिवेदी, अपर समाहर्ता अनिल तिर्की, उप निर्वाचन पदाधिकारी शफीक आलम, अनुमंडल पदाधिकारी के अलावे सभी प्रखंड व अंचलाधिकारी मौजूद थे।