हिंदी के प्रयोग से भारत को विश्वगुरु बनाना है : रघुवर दास

तीन माह में हिंदी भवन का शिलान्यास
अधिकारियों से बोलचाल में हिंदी का प्रयोग करें
रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि स्वभाषा के मार्फत भारत विश्वगुरु बन सकता है। यह विकास का परिचायक है और स्वाभिमानी भारत बनने के मार्ग को प्रशस्त करेगा। किसी भी देश की तरक्की का आधार स्वभाषा है। मैं यह नहीं कहता कि अन्य भाषा का उपयोग न करें, आप उनका भी सम्मान करें। इसी कारण राज्य सरकार ने संथाली, बंगला, मुंडारी, हो, खड़िया, कुरमाली, नागपुरी, पंचपरगनिया, उड़िया, मगही, भोजपुरी, मैथली आंगिक व भूमिज को दूसरी राजभाषा का दर्जा उनके सम्मान के लिए दिया है। भाषा ही सरकार व जनता के बीच सेतु का काम करती है। मुख्यमंत्री हिंदी दिवस समारोह के अवसर पर आहूत राजभाषा व कार्मिक सुधार के कार्यक्रम में बोल रहे थे।
सीएम ने कहा कि हिंदी को सबसे अधिक सम्मान गैर हिंदी भाषियों से मिला। अटल बिहारी वाजपेयी ने यूएन में हिंदी में भाषण दिया था। पीएम नरेंद्र मोदी भी जहां जाते हैं वे हिंदी में बात करते हैं। आज इस बाबत की जरूरत है, कि हिंदी को ज्यादा से ज्यादा विस्तार दिया जाए। उन्होंनें कहा कि राजभाषा विभाग यह तय कर ले कि कैसे काम करना है। रांची विवि के छात्रों से संपर्क कर हिंदी को बढ़ावा देने पर विचार किया जाए। निजी संस्थानों से भी हिंदी में पत्राचार करने के लिए कहा जाए। सीएम ने ऐलान किया कि अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के मौके पर हिंदी के लिए काम करने वालों को एक-एक लाख रूपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे बोलचाल की हिंदी का प्रयोग करें। मैं जब भी हवाई जहाज में जाता हूं तो एयरहोस्टेस आकर अंग्रेजी में बात करती है, लेकिन मैं उन्हें हिंदी में बोलने को कहता हूं। विदेशों में भी लोग अपनी भाषा में बात करते हैं। उत्तर भारत के आईएएस अधिकारियों को अंग्रेजी से ज्यादा हिंदी को बढ़ावा देना चाहिए। वे हिंदी में बात करें। आज के दौर में अंग्रेजी के स्कूल बढ़े हैं, हमें इस बाबत विचार करना होगा, कि हम अपनी भाषा से दूर क्यों जा रहे हैं ? दुनिया भर में हिंदी को सम्मान मिल रहा है और विदेशी लोग हिंदी पढ़ रहे हैं, लेकिन हम उसे छोड़ रहे हैं। बच्चे मां को मम्मी कहकर पुकार रहे हैं।
तीन माह के अंदर हिंदी भवन का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी प्रेमियों, साहित्यकार, रचनाकार, कवि को समर्पित हिंदी भवन का शिलान्यास तीन माह में होगा। देश भर से झारखंड आने वाले साहित्यकारों, रचनाकारों और कवियों को बातचीत, आयोजन व अन्य गतिविधियों के लिए एक उचित परिसर देना सरकार का उद्देश्य है। कार्मिक, प्रशासनिक एवं राजभाषा विभाग अगले वर्ष से हिंदी दिवस का आयोजन संध्या बेला में मोरहाबादी मैदान में करे। जहां लोग कवि सम्मेलन का आनंद लें व युवा कवियों को सरकार एक मंच देने में सफल हो सके।
संविदा पर नियुक्त करें अनुवादक
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागों से निर्गत होने वाले आदेश, परिपत्र या आदेश अगर अंग्रेजी भाषा में हो तो उसके हिंदी अनुवाद हेतु अनुवादक को संविदा या कार्य के आधार पर नियुक्त कर मानदेय दें। ताकि आम लोगों तक हिंदी में भी विभाग द्वारा निर्गत पत्र या आदेश पहुंच सके। ऐसे राज्य सरकार भरसक सभी ऐसे कार्य हिंदी के माध्यम से कर रही है लेकिन जहां जरूरत हो इसे लागू करें।
53 करोड़ लोग हिंदी बोलने वाले
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार व राजभाषा विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि हिंदी सहज व सरल भाषा है। हिंदी विश्व की तीसरी बोले जाने वाली भाषा है। देश में 43 प्रतिशत लोग यानी करीब 53 करोड़ लोग हिंदी का उपयोग करते हैं। 1949 में संविधान सभा द्वारा राजभाषा का दर्जा हिंदी को मिला। उसके बाद 1953 से लगातार हिंदी दिवस का आयोजन होता आ रहा है। अब तो 14 करोड़ लोग इंटरनेट में हिंदी का उपयोग करते हैं। 94 प्रतिशत की दर से इंटरनेट में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सरकार के नियम, परिपत्र या आदेश राजभाषा में जारी होते हैं और आम जन तक उनकी पहुंच बनती है। कुल मिलाकर 10 राज्य हैं, जहां हिंदी का ज्यादा इस्तेमाल होता है। मीडिया और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से हिंदी का और प्रसार होता है। रुस में भी मेरा जूता है जापानी बजता है व अमेरिका में भी बॉलीवुड के गाने सुने जाते हैं। हिंदी के शब्द को अंग्रेजी भाषा में भी स्थान मिल रहा है। जंगल, शैंपू, चटनी, पायजामा जैसे कई शब्द हैं जिसे आक्सफॉर्ड डिक्शनरी ने अपनाया है।
143 विश्वविद्यालय की हिंदी पढ़ाई
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ माया प्रसाद ने कहा कि हिंदी वह भाषा है जो देश को एक सूत्र में बांधे रखी है। विश्व के 143 विश्वविद्यालय में हिंदी पढ़ाई जा रही है। यह हमारे पुरखों की विरासत है। राष्ट्रीय व्यवहार में हिंदी को काम में लाना देश के शीघ्र उन्नति के यह आवश्यक है। हिंदी हमारे राष्ट्र के अभिव्यक्ति का सरलतम स्रोत भी है। हिंदी एक समृद्ध भाषा है। यह सर्वसहमति से राजभाषा नहीं बनी बहुमत से बनी। हिंदी में कमियां हो सकती है। प्रशासन एक दिन हिंदी का समारोह करके चुप हो जाता है। क्यों हम अनुवाद की बात करते हैं, क्या हम हिंदी में सारे काम नहीं कर सकते। झारखंड में 17 भाषाएं बोली जाती है।
संविधान सभा में हिंदी पर हुई थी तीन दिन बहस
साहित्यकार डॉ हरेराम त्रिपाठी ‘चेतन’ ने कहा कि आज की पीढ़ी तो यह कम जानती है कि भारतीय संविधान सभा में हिंदी को लेकर तीन दिनों तक बहस हुई थी। कई विद्वानों ने कहा कि हिंदी ही एकमात्र भाषा है जो आसानी से समझी जा सकती है। हिंदी को राष्ट्रभाषा या राजभाषा के पद पर बिठाने के लिए जो लड़े, उनमें से कोई भी हिंदीभाषी नहीं था। नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने कहा था हिंदी ही राजभाषा होगी। लालालाजपत राय पंजाब के थे, लेकिन उन्होंने हिंदी से वकालत की। गुजरात के दयानंद सरस्वती हिंदी का जीवनभर प्रचार करते रहे व महात्मा गांधी हिंदी के हिमायती रहे। दक्षिण में हिंदी प्रचार का बीज गांधीजी से ही बोया था। हिंदी की नवीन ग्रन्थों की मांग आज विदेशों में है। लेकिन हमारे यहां हिंदी की क्या स्थिति है उसका आकलन होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का के अलावे कई रचनाकार, साहित्यकार, कवि, लेखक व हिंदी प्रेमी मौजूद थे।
लघु-लेखन प्रतियोगिता के प्रतिभागी सम्मानित
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हिंदी दिवस समारोह के अवसर आहूत लघु कथा, लेखन प्रतियोगिता के तहत रोशनी कुमारी, हर्षिनी शंकर और सेजल तिवारी को प्रथम, सृष्टि कुमारी, आराधना दुबे, मानस दीप्त को द्वितीय व मेघा कुमारी, आकृति सोरेंग एवं आर्य झा को तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने निबंध लेखन प्रतियोगिता में अजय कुजूर को प्रथम, धनंजय कुमार मिश्र को द्वितीय एवं दिलीप कुमार कर्ण को तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More