रामगढ़: उपायुक्त संदीप सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जिले की महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक बैठक आहूत की गई। इसमें श्री सिंह ने जेएसएलपीएस, आरसीटी एवं टीएसपी की महिलाओं को मजबूत व सशक्त करने के तरीके पर मंथन किया। उपायुक्त नेे उपरोक्त संस्थाओं से 100 महिलाओं को चयनित करने का निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया।
चयनित महिलाओं को जिला प्रशासन के सहयोग से सशक्त करने के उद्देश्य से विभिन्न रोजगार के माध्यमों से जोड़ा जाएगा। बैठक में डीसी ने नीति आयोग की टीम को जिले के विभिन्न प्रखंडों का भ्रमण कर हस्तकला से संबंधित विभिन्न कार्यों की जानकारी एकत्रित करने का निर्देश भी दिया। श्री सिंह ने कहा कि जिले में विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे हस्तकला से संबंधित कार्यों को जिला प्रशासन द्वारा विशेष रुप से सहयोग देकर उन्हें कार्य के प्रति प्रोत्साहित किया जाएगा। इस बाबत उपायुक्त ने जिले में 11 व 12 अक्टूबर को आहूत होनेवाले उद्यम समागम के विषय में अपनी बात रखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही हस्तकला से संबंधित कार्यों को प्रखंडवार चयनित कर उद्यम समागम में विभिन्न स्टालों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा अधीक्षक, जेएसएलपीएस के जिला परियोजना प्रबंधक सहित कई अधिकारी मौजूद थे।