रांची: कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री की सभा में भीड़ जुटाने के लिए राजधानी की निजी स्कूलों से जबरन बसों को लेकर उपयोग किया जा रहा है। विद्यार्थियों को परीक्षा के समय इस बाबत परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। श्री ठाकुर ने कहा कि पार्टी पीएम के झारखंड में विधानसभा भवन का उदघाटन करने के लिए उनका स्वागत करती है, लेकिन स्कूली बसों को लिए जाने की जानकारी भी उन्हें जरुर होना चाहिए।
श्री ठाकुर ने कहा कि स्कूल बस का भाड़ा और बस में डालने वाले इंधन का जिला प्रशासन कोई भुगतान नहीं करती है। कहा कि पहले तो सरकार ने सैंकड़ो सरकारी स्कूलों को बंद करा दिया और अब निजी स्कूलों में पढ़नेवाले विद्यार्थियों को विभिन्न तरीकों से परेशान किया जा रहा है। कहा कि पारा शिक्षकों की हड़ताल से सरकारी स्कूलों में पढ़ाई बाधित रही तो आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका की हड़ताल से बच्चों को पौष्टिक आहार मिलने में दिक्कत हो रही है। कई महीनों से मनरेगा कर्मियों को भी भुगतान नहीं किया गया है और उदघाटन के नाम पर सरकार करोड़ों रुपए के होर्डिंग लगाकर खर्च कर रही है। मोटर व्हीकल एक्ट का सख्ती से पालन करा कर आम जनता की गाढ़ी कमाई को जुर्माने के रूप में वसूल कर सरकार खजाना भरने का काम कर रही है।