दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज
रांची: राजधानी रांची के कुमार गर्ल्स हाॅस्टल की शिकायत पर खबर बनाने पहुंची पत्रकारों की टीम के साथ न सिर्फ अभद्रता की गई, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की गई है। इस बाबत मीडिया टीम के कैमरे, मोबाइल सहित कई चीजों को हाॅस्टल प्रबंधन के इशारों पर रख लिया गया। घटना के बाद मौके पर लालपुर पुलिस पीसीआर के सहयोग से पत्रकारों को छुड़ाया गया।
मारपीट में न्यूज 11 संवाददाता आकाश भार्गव व कैमरामैन रिंकू हुसैन घायल हो गए हैं। इस मारपीट की पूरी घटना उक्त चैनल के कैमरे में कैद हुई है। भुक्तभोगी पत्रकारों ने इस मामले में लालपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है। शिकायत में कहा गया है कि उन्हें उन्हें घंटों हाॅस्टल के कमरे मे बंधक बनाया गया है। बताया गया है कि सोमवार को अपराह्न ग्यारह बजे वे लोग अपने चालक अमित कुमार के साथ पीस रोड स्थित कुमार गर्ल्स हॉस्टल के बाहर खबर बनाने के लिए गये थे। इसी वक्त हाॅस्टल संचालिका शशि कला अपने 20-22 सहयोगियों के साथ लाठी व डंडे से लैस होकर पहुंची। कुछ देर तक इनके साथ झड़प हुई फिर इन्होंने तीनों के साथ मारपीट की। सहयोगियों के साथ उन्हें ले जाकर कमरे में बंद कर दिया। कैमरा, मोबाइल, सोने की चैन व पर्स आदि छीन लिया। घटना के समय हमलोगों ने अपने चालक के फोन से ही कार्यालय को इसकी सूचना दे दी थी। जिसके बाद पीसीआर के साथ पहुंची हमारी दूसरी टीम ने हमलोगों को मुक्त कराया। इस बाबत दर्ज एफआईआर में पुलिस से जल्द कार्रवाई करने की मांग की गई है।
अरुप चटर्जी पर ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज
कुमार गर्ल्स हॉस्टल की मालकिन शशिकला कुमारी ने इस पूरे प्रकरण में न्यूज 11 के मालिक अरुप चटर्जी के खिलाफ ब्लैकमेलिंग करने की शिकायत लालपुर थाने में दर्ज कराई है। उन्होंने इसकी प्रतिलिपि एसएसपी, एसपी और डीएसपी रांची को दी है। शशिकला ने अपनी शिकायत में कहा है कि दो सितंबर 2019 को 4 बजकर 16 मिनट पर अरुप चटर्जी का उनके पति के पास फोन आया। अरुप चटर्जी ने पूछा कि उसके पति के खिलाफ विजिलेंस की जांच चल रही है क्या ? पति ने कहा कि हां चल रही है। आपको कैसे मालूम हुआ ? अरुप चटर्जी ने कहा कि सूर्य प्रकाश सुनेजा उसके पास आया था, क्योंकि उसका बेटा गुलशन सुनेजा उसके मीडिया चैनल में काम करता है। इसी बाबत अरुप चटर्जी ने कहा कि आप लोग क्या चाहते है ? या तो मुझे मुंह बंद करने के लिए 20 लाख दें, या भुगतने को तैयार रहें। कहा कि आप लोग कई गर्ल्स हाॅस्टल चलाते हैं। शशिकला ने शिकायत में लिखा है कि उसके पति ने कोई जवाब नहीं दिया, वैसे हम 20 लाख कहां से और क्यों दें। इसी के बाद आज न्यूज 11 के पहुंचे तीन कर्मचारियों ने बगैर मेरी इजाजत के हाॅस्टल की फोटोग्राफी व विडियोग्राफी करने लगे। हॉस्टल में लड़कियां घर समझकर रहती है, इसलिए मैंने मना किया तो वे लोग जबरन रिकार्डिंग जारी रखा। मुहल्लेवालियों ने बीच-बचाव किया। कैमरा मुझे दे दिया, जो मैंने पुलिस को सौंप दिया है। शशिकला ने पत्रकारों पर मनमानी व अभ्रदता का आरोप लगाया है।