जमशेदपुर: परसुडीह के सरजामदा में एक दस वर्षीय बेटी ने पिता से सिर्फ इतना ही पूछा कि आप शराब पीकर घर क्यों आएं हैं ? तो पिता मंगल बारला (25) ने घर की खिड़की में हांथ मार दिया और उसके टूटे शीशे से अपने कलाई की नस काट ली। लहुलूहान मंगल को उसकी दूसरी पत्नी सोनी देवी आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल पहुंची, लेकिन स्ट्रेचर नहीं मिलने के कारण वह अंदर नहीं जा सकी व नतीजा ये हुआ, कि मंगल ने वहीं तड़पकर दम तोड़ दिया।
करीबन दस मिनट से अधिक समय तक सोनी मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी ने एक न सुनी। बाद में स्ट्रेचर मिला तो उसे इमरजेंसी में लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मंगल की पहली पत्नी भी अस्पताल पहुंची। दोनों ने अस्पताल के कर्मचारियों की मदद से शव को शीतगृह में रखवाकर घर चली गई। सोनी देवी के अनुसार वह मंगल की दूसरी पत्नी है। पहले से हुए तीन बच्चों के साथ वह मंगल के साथ सरजामदा में रहती है। रविवार की रात जब मंगल शराब पीकर घर पहुंचा तो बड़ी बेटी ने इसका विरोध किया। गुस्से में उसने अपना हाथ खिड़की में मार दिया। शीशा टूटा तो उसने उससे अपनी कलाई काट ली।