चंदनकियारी: विधानसभा में सोमवार को भाजपा अमलाबाद मंडल के बूथ व शक्ति केंद्र के प्रभारियों की बैठक जोगीडीह में संपन्न हुई। इस बाबत भू-राजस्व व खेल, कार्य व युवा मंत्री अमर बाउरी ने कहा, कि भाजपा गरीबों व दीन-दुखियों की पार्टी है जो समाज के पिछड़ों व दलितों के हित में काम करती है। पिछले कई सालों में जो काम नहीं किये गये, वो काम आज भाजपा कर रही है। विश्व की सर्वाधिक बड़ी पार्टी भाजपा सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ काम करती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राधेश्याम सिंह ने किया। इस दौरान बेरमो विधायक योगेश्वर बाटुल व चंदनकियारी विधायक अमर बाउरी ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर गंभीरता के साथ चर्चा भी की। इन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ पर जीत निश्चित करने के लिहाज से कई टिप्स भी दिया। बाउरी ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो गरीब महिला, युवा, पिछड़े व दलितों के लिए काम करती है। बाकी जितनी भी पार्टियां हैं वो अपने परिवार को आगे बढ़ने के उद्देश्य से काम करती है। केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बाउरी ने कहा कि आज चंदनकियारी के साथ-साथ पूरे राज्य व देश में विकास की गति तेज हुई है। ऐसे में विपक्ष हिसाब मांगने का काम कर रहा है। आनेवाले दिनों में जनता इन्हें सबक सिखाएगी।
लोकसभा में आधा व विधानसभा में पूरा साफ: बाटुल
भाजपा की टिकट पर बाउरी लड़ेंगे
बेरमो विधायक योगेश्वर महतो बाटुल ने कहा विधानसभा चुनाव में हमारा लक्ष्य 65 प्लस का है, जो विपक्ष के सफाया को स्पष्ट करता है। लोक सभा चुनाव में पाक पर एयर स्ट्राइक जीत का सबसे बड़ा मुद्दा रहा था। बाटुल ने नारा दिया कि लोक सभा मे आधा साफ व विधान सभा मे पूरा साफ। चंदनक्यारी के पूर्व विधायक के नेतृत्व में क्षेत्र का हाल किसी से छुपा नहीं है। आज के दिन केंद्र और राज्य सरकार द्वारा विकास की 130 से अधिक योजनाएं चलायी जा रही हैं। कहा कि जब पीएम ने शौचालय और स्वच्छता की बात की थी, तो विपक्ष ने मजाक उड़ाया था। लेकिन आज हमारी महिलाओं का सम्मान बढ़ा है। राज्य सरकार अब चूल्हा और दो सिलिंडर भी दे रही है उज्जवला योजना के तहत। सुकन्या योजना से प्रदेश की बेटियों को फायदा हो रहा है।
वृद्धा व विधवा पेंशन अब लाभुकों के खाते में जा रहा है। अभी भी भ्रष्टाचार है, उसे रोकने की जरूरत है। इंदिरा आवास और पीएम आवास के बीच बहुत बड़ा फर्क है। अब आवास योजना के तहत दो कमरे का घर, रसोई, बिजली, गैस के साथ 1 रुपया में चावल सब कुछ मिल रहा है। पीएम का सपना है कि 2022 तक किसानों की आय को दोगुनी करनी है। कांग्रेस ने समाज को बांटने का काम किया है। यह तय है कि जितना विकास 5 वर्ष में हुआ, उतना 72 वर्ष में नहीं हुआ। बाटुल ने कहा कि अमर बाउरी भाजपा की टिकट पर चंदनकियारी विस से चुनाव लड़ेंगे। बाटुल ने पार्टी के गठबंधन में रहे आजसू पर भी जमकर निशाना साधा। कहा कि हमारी सहयोगी पार्टी अपना धर्म नहीं निभा रही है। इस मौके पर गोवर्धन सिंह, कृपा नाथ मुखर्जी, पंकज शेखर, गोविंद जोशी, शीतल सिंह, अशोक बनर्जी, बबलू धीवर, प्रेम गोप, सियाराम महथा, प्रभाकर राय, निर्मल धामी, धनु गोरांई, विजय सिंह, दुर्गा प्रसाद रजवार, प्रवीर मुखर्जी, विजय दसौंधि, शंकर राय, कृष्णा गोप सहित कई लोग मौजूद थे।