आर्थिक तंगी हो सकता है आत्महत्या का कारण
कोडरमा: झुमरीतिलैया थाना क्षेत्र के गांधी स्कूल रोड निवासी सीमेंट व्यवसायी विनोद सिंह (55) की लाश रविवार को पंखे के फंदे से लटकती हुई मिली। वे फिलहाल महात्मा गांधी नगर के वार्ड नंबर 23 के गली नंबर 3 स्थित रामानुज पांडेय के घर में बतौर किराएदार रह रहे थे। सुबह नौकरानी जब घर पर काम करने पहुंची व काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला, तो उसने खिड़की से देखा। विनोद को फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए और उसने फौरन आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
आपको बता दें, कि मृतक की पत्नी कुछ दिन पहले ही बंगलोर अपनी के पास तीज मनाने के लिए गई है। विनोद इस समय घर पर अकेले थे और आशंका प्रकट की जा रही है, कि उन्होंने आत्महत्या आर्थिक तंगी के कारण की है। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और शव को फंदे से उतारा। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों के बीच में ये चर्चा जोरों पर थी, कि विनोद पिछले कई दिनों से आर्थिक परेशानी से जूझ रहे थे। बहरहाल पुलिस पूरे मामले को लेकर छानबीन में जुट गई है।
घटनास्थल के आसपास कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। उनका बेटा कोलकाता में नौकरी करता है। उनके बड़े भाई विजय सिंह भी सीमेंट का व्यापार करते हैं। उन्होंनें बताया कि व्यापार में दिक्कत के कारण विनोद ऐसा कर सकते हैं, क्यों कि जिस कंपनी से सिमेंट लेते थे, उसने कुछ दिनों से माल देना बंद कर दिया था। कहा कि उनका भाई एक सुलझा हुआ व्यक्ति था व परिवार में भी कोई अनबन व तनान नहीं था। बहरहाल अब देखनेवाली बात ये होगी, कि पुलिस पड़ताल में क्या पता लगाती है।