कोडरमा: दशलक्षण पर्युषण महापर्व के छठे दिन रविवार को उत्तम संयम धर्म मनाया गया। श्री दिगंबर जैन मंदिर सरस्वती भवन में भगवान के ऊपर मंत्र उच्चारित जल से शांतिधारा करने का अवसर सुरेंद्र कुमार, सौरभ कुमार काला, रतन लाल, राजकुमार पहाड़िया, महावीर प्रसाद, राकेश कुमार, सेठी विमल, कुमार संजय, कुमार बड़जात्या, पंडित अभिषेक शास्त्री व मूलचंद सुशील कुमार छाबड़ा परिवार को मिला।
इस मौके पर आचार्य विद्यासागर जी महाराज की शिष्या बाल ब्रह्मचारी साधना दीदी ने धूप दशमी व उत्तम संयम धर्म पर प्रकाश डालते हुए कहा संयम ही मोक्ष मार्ग की सीढ़ी है। संयम मानवीय जीवन का आभूषण है व संयम धारण कर मनुष्य अपने जीवन को प्रकाशित कर सकता है। उन्होंने कहा कि बगैर संयम मनुष्य अधूरा व अज्ञानी है। कहा कि मन चंचल होता है व हमेशा गलत राह में भटकता रहता है। ऐसे में इसे संयम द्वारा नियंत्रित किया जा सकता है। कहा कि हमे अपने जीवन में प्रतिदिन के बोलचाल रहन-सहन और खान-पान में भी संयम रखना अनिवार्य है। यदि ऐसा हो गया तो हमे न कोई बीमारी होगी और न ही हमारा किसी से लड़ाई व बैर होगा।
बाल ब्रह्मचारी साधना दीदी ने कहा कि हमें अपने आदर्श पुरुष व महापुरुषों की जीवनी से सीख लेना चाहिए। जिन्होंने अपने जीवन को संयमित रखकर न सिर्फ अपने आप को महान बनाया बल्कि इतिहास में अपना नाम अमर किया। कहा कि बुरे कर्मों को नष्ट करने के लिए संयम की अराधना करनी पड़ती है। ऐसा करने पर ही मनुष्य भक्त से भगवान बन सकता है। मन, वचन व शरीर को काबू में रखना ही संयम धर्म है। इस मौके पर सुबोध गंगवाल के भजनों ने लोगों को भक्तिरस में डुबोते हुए आनंदित कर दिया। वहां मौजूद लोगों के पांव थिरकने को विवश हो गए। इस बाबत सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावे बच्चों के बीच फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आहूत की गई। कार्यक्रम के परियोजना निदेशक मोना छाबड़ा व मोहित सोगानी थे। विजयी बच्चों को नवीन कुमार सहित चैतन्य कुमार सेठी परिवार द्वारा पुरस्कृत किया गया। मौके पर जैन समाज के अध्यक्ष मंत्री जैन युवक समिति के अध्यक्ष मंत्री वार्ड पार्षद पिंकी जैन, नवीन जैन, सुनील कुमार जैन, राजकुमार अजमेरा सहित समाज के सैकड़ों लोग मौजूद थे।