मतदाता सूची में गलती सुधार के लिए कल और 15 सितंबर को विशेष शिविर: चौबे

रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने कहा कि झारखंड में होनेवाले विधानसभा चुनाव के बाबत मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 8 सितंबर और 15 सितंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इस शिविर में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम पता व अन्य डिटेल्स में गड़बड़ियों को सुधारने, नाम हटवाने समेत अन्य दावों के निराकरण हेतु आवेदन जमा किये जाएंगे।
श्री चौबे ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति हेतु जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्तों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। चौबे शनिवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे। कहा कि मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त और जिलों के उपायुक्तों को ऑब्जर्वर प्रतिनियुक्त किया गया है। वे इस कार्यक्रम की मॉनिटरिंग करते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय को पूरी जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
17 सितंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम के अंतर्गत सभी योग्य नागरिक जिनकी आयु 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष या उससे अधिक है, लेकिन मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है, तो वे दर्ज करा सकते हैं। जिनका नाम पता या कोई अन्य डिटेल गलत दर्ज है, तो इसको भी सुधार करा सकते हैं। इसके लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऑफलाइन सुविधा के तहत अपने बूथ के बूथ लेबल अफसर (बीएलओ) से या जिला व अनुमंडल निर्वाचन कार्यालय से फॉर्म प्राप्त कर, यहीं जमा किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण-पदस्थापन पर 12 अक्टूबर तक के लिए रोक लगा दी गयी है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More