देवघर: डीसी नैंसी सहाय ने किया औचक निरीक्षण, कई निर्देश दिए

देवघर: जिले की उपायुक्त नैंसी सहाय शनिवार को सारवां पहुंची। वहां उन्होंने प्रखंड कार्यालय, प्रज्ञा केंद्र, आदर्श मध्य विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, कस्तूरबा विद्यालय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। डीसी ने यहां योजनाओं की समीक्षोपरांत बीडीओ को पूर्व की योजनाओं से कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। श्रीमती सहाय ने इस बाबत खासतौर पर किसानों के हित में संचालित योजनाओं को लाभुकों तक पहुंचाने संबंधी सख्त निर्देश दिए। उपायुक्त ने विभिन्न प्रज्ञा केंद्रों का भी निरीक्षण कर आवेदनों की समस्याओं को त्वरित निष्पादित करने का निर्देश दिया।
डीसी ने मौके पर लाभुकों से बातचीत कर उन्हें सरकारी योजनाओं से होने वाले लाभ की जानकारी दी। दौदिंया पंचायत के बधनी गांव के आदर्श मध्य विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानाचार्य को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया। विद्यालय परिसर में बंद पड़े सौर ऊर्जा जल मीनार के संबंध ने उन्होंने बीडीओ व मुखिया को कड़ी हिदायत के साथ उसे जल्द से मरम्मत करवाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने बच्चों से कुछ सवाल पूछे व उससे जुड़े विषयों के बारे में उन्हें बारिकी से समझाया।
सीएचसी सारवां के निरीक्षण के दौरान डीसी ने चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों को पूरे सेवा भाव के साथ कार्य करने की बातें कहीं। डीसी ने मरीजों के साथ कतारबद्ध होकर अपनी जांच भी करायी। उन्होंने वहां के आंगनबाड़ी केेंद्र का जायजा भी लिया। बीडीओ व सीडीपीओ को दो टूक कहा कि वे सभी आगंनबाड़ी सेविका व सहायिका को वापस अपने कत्र्तव्य पर लौटने का निर्देश दें, मुख्यालय के आदेशानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय, सारवां के शिक्षकों को भी डीसी ने कई आवश्यक निर्देश दिए।
एसडीएम को कार्रवाई का निर्देश
उपायुक्त निरीक्षण के लिए सीएचसी पहुंचीं। उन्होंने विभिन्न वार्डों में घूमकर अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेते हुए कई निर्देश दिए। 14 अगस्त को बिंजा गांव में लगे स्वास्थ्य शिविर में कर्मियों से मारपीट व चिकित्सक से दुर्व्यवहार के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सीएचसी प्रभारी द्वारा शिकायत की गयी। डीसी ने त्वरित मामले की जानकारी लेने के बाद एसडीएम को इस बाबत जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर भी आश्वस्त किया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More