सरकार कश्यप मेमोरियल आई बैंक को उपलब्ध कराएगी कॉर्निया : चंद्रवंशी

ब्लाइंड फोल्डेड रन फॉर विजन का आयोजन
– मृत्युपरांत नेत्रदान करने वाले 10 परिवारों को राज्यपाल ने किया सम्मानित
रांची: राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा के तहत ब्लाइंड फोल्डेड रन फॉर विजन का आयोजन कश्यप मेमोरियल आई बैंक चैरिटी शाखा कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल एवं आई डोनेशन अवेयरनेस क्लब के तत्वावधान में बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, खेलगांव, रांची में किया गया। इस मौके पर बोलते हुए झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा, कि मुझे पूरे झारखंड राज्य के हित के बारे में सोचना है। मेरे लिए सिर्फ रिम्स नहीं है। पूरा राज्य मेरा है व मैं चाहता हूं कि 200 नेत्र प्रत्यारोपण का जो लक्ष्य हमारे राज्य के लिए है उसे हम प्राप्त करें। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रिम्स के आई बैंक को जो अतिरिक्त कॉर्निया मिल रहा है उसे हम खराब नहीं होने देंगे। जिस तरह एम्स और सफदरजंग अस्पताल का आई बैंक एक सरकारी आई बैंक है मगर वहां पर सर प्लस कॉर्निया को दूसरे आई बैंको को देने का प्रावधान है।
उसी तरह का प्रावधान अब हम अपने राज्य में भी कर देंगें ताकि कॉर्निया जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके। इससे पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, स्वास्थ्य मंत्री, सांसद संजय सेठ व मेयर आशा लकड़ा ने रंग बिरंगे गुब्बरों को आसमान में उड़ाकर दौड़ को रवाना किया। इस दौड़ में सैकड़ों छात्रों एवं शहर के कई गणमान्य लोगों ने लिया भाग। इस बार रन फॉर विजन का आयोजन विशेष रहा क्योंकि इस बार के रन का थीम था ब्लाइंड फोल्ड। युवा एवं बच्चें आंखों पर पट्टी बांधकर जोड़े में हजारों की संख्या में दौड़े। ब्लाइंड फोल्ड रन फॉर विजन का आयोजन समाज में बहुत ही संवेदनात्मक तरीके से नेत्रदान का संदेश देता है और इस से परस्पर सहयोग की भावना भी विकसित होती है। इस आयोजन का मुख्य उदेश्य लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करना है।
नेत्रदान का संदेश दे रहा अस्पताल: राज्यपाल
राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने कहा कि डॉ. भारती कश्यप रन फॉर विजन के अलावा और भी कई महिला स्वास्थ्य के कार्यक्रमों से जुड़ी हुई हैं और अच्छा काम कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि रांची के सांसद संजय सेठ के साथ ये लोग दूर-दराज के गांवों में कैंप लगाकर कॉर्निया जनित दृष्टिहीन मरीजों की सूची बनाएंगे और उन्हें लाभ पहुंचाएंगे।
कश्यप मेमोरियल आई बैंक की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भारती कश्यप ने कहा कि 34वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े में एक बार फिर से कश्यप् मेमोरियल आई बैंक द्वारा रन फॉर विजन का आयोजन किया गया है। 14 वर्षों से लगातार आयोजित रन फॉर विजन पिछले दो बार से बहुत ही खास तरीके से आयोजित किया जा रहा है और वह है ब्लाइंड फोल्डेड रन फॉर विजन। जिसमें बच्चे आंखों पर पट्टी बांधकर जोड़ा बनाकर दौड़ते हैं। यह बहुत ही संवेदनात्मक तरीके से नेत्रदान का संदेश देता है। कश्यप मेमोरियल आई बैंक के सतत प्रयास का परिणाम है कि अभी तक 482 नेत्रों का प्रत्यारोपण हमने किया है।
हमें इस बात की खुशी है कि साल हमने 24 नेत्र प्रत्यारोपण किए। हमारे पास कॉर्निया जनित दृष्टिहीनता से प्रभावित मरीजों की लंबी सूची है विशेष प्रकार के नेत्र प्रत्यारोपण में प्रशिक्षित डॉक्टरों की भी टीम है अगर कुछ कमी है तो वह है कॉर्निया की। अभी तक इस साल हमने जितने 24 नेत्र प्रत्यारोपण किए उसमें 50 नेत्र हमने दूसरे राज्य के आई बैंकों से कॉर्निया डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम के नेटवर्क से मंगाए है। पिछले साल भी 40 नेत्र प्रत्यारोपण में से 13 नेत्र प्रत्यारोपण हमने कॉर्निया डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम से मंगाये हुए कॉर्निया से ही किया था। आज ही एक 23 वर्ष के युवा की मृत्यु उपरांत उसकी कॉर्निया हमें भेजी जा रही है जो हैदराबाद से आ रही है। हमारे देश में प्रतिवर्ष 1.5 लाख आंखें जला दी जाती हैं या दफना दी जाती है जबकि 1.5 मिलियन कॉर्निया जनित दृष्टिहीन लोग अंधकार में रोशनी का इंतजार कर रहे हैं। इस बाबत डॉ निधि गडकर कश्यप ने बताया कश्यप मेमोरियल आई बैंक में पिछले कुछ महीनों में उन्होंने डिसेक पद्धति से कई नेत्र प्रत्यारोपण किया है।
10 परिवार सम्मानित
नेत्रदान अभियान से जुड़ कर नेत्रदान करने वाले 10 परिवारों को गवर्नर द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया। झारखंड में चलाये जा रहे देशव्यापी ज्योत से ज्योत जगाओ अभियान में सहयोग देने के लिए रांची के डायबिटोलॉजिस्ट डॉ संजय कुमार रॉय और डॉ. विनय ढनढनिया को द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया। रन फॉर विजन के विजेताओं को भी गणमान अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। जागरूकता अभियान को बढ़ावा देने के लिए डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, सचिव, आईएमए. झारखण्ड, बसब चौधरी, सीईओ, जेएसएसपीएस, एमटीपी अग्रवाल प्रिंसिपल, संत माइकल स्कूल फॉर ब्लाइंड्स, आशा लाकरा, मेयर, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय को सम्मानित किया गया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More