सीएनटी- एसपीटी एक्ट की उड़ाई धज्जियां
रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मानती है कि सोरेन परिवार द्वारा एक दिन में 16 जमीनों की रजिस्ट्री कराने के रिकॉर्ड को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में इंट्री मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड में यह अपने तरह का अकेला उदाहरण है जब एक परिवार ने एक ही दिन में 16 अलग-अलग जमीनों की अलग-अलग डीडों के जरिए रजिस्ट्री कराई होगी।
बड़े- बड़े उद्योगपतियों और व्यवसायियों द्वारा भी एक दिन में 16 जमीनों की रजिस्ट्री आज तक झारखंड में नहीं कराई गई है। लेकिन सोरेन परिवार ने सबको पीछे छोड़ दिया। प्रतुल ने कहा कि वैसे भी सोरेन परिवार को सीएनटी एसपीटी कानून की धज्जियां उड़ा कर जमीनों को अपने नाम कराने में महारत हासिल है। प्रतुल ने कहा कि झारखंड के आधा दर्जन जिलों में इस परिवार की संपत्ति है और इसमें से अधिकांश संपत्ति गरीब आदिवासी मूलवासी से कौड़ियों के मोल खरीदा हुआ है।
प्रतुल ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा बार-बार कहा जाता है कि इन खरीदों में किसी कानून का उल्लंघन नहीं हुआ जबकि भाजपा कई बार यह साबित कर चुकी है कि गोला के रहने वाले सोरेन परिवार ने पूरे राज्य में किस प्रकार कानून का उल्लंघन कर जमीन खरीदा है।