लोहरदगा: स्थानीय विधायक सुखदेव भगत ने शुक्रवार को कुडू प्रखंड अंतर्गत चटकपुर गांव के अंबाफाड़ा व कैरो के ललमटिया में विधायक निधि से निर्मित अखड़ा का उदघाटन किया। गांव के पाहन पुजार ने इस बाबत विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। श्री भगत ने इस मौके पर कहा कि अखड़ा आदिवासियों की सांस्कृतिक धरोहर एवं पहचान है। ऐसे में इसे बचाकर रखना हमारी जवाबदेही है।
विधायक ने कहा कि आदिवासियों की धरोहर के संरक्षण हेतु वह विधानसभा क्षेत्र में लगभग दर्जनों अखाड़ा का निर्माण कराया है। इसके अलावे कई झखरा भवन का भी जीर्णोद्धार कराया है। आदिवासियों की रीति-रिवाज व परंपरा बचाने के लिए हम सभी को सामूहिक रुप से आगे आने की आवश्यकता है। कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति का पूजक होता है करमा पर्व हमें प्रकृति के प्रति प्रेम एवं उनके संरक्षण करने का दायित्व का बोध कराता है। आदिवासी समाज को आगे बढ़ाने के लिए हमें शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है शिक्षित लोग से ही शिक्षित समाज का निर्माण होता है उन्होंने लोगों से दारू हाड़ी से दूर रहने की अपील की।
इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक से वृद्धावस्था पेंशन लाल कार्ड डीप बोरिंग पीसीसी सड़क जैसे समस्याओं से अवगत कराते हुए उसका निदान करने की मांग की। विधायक ने प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निदान करने का आश्वासन दिया। विधायक ने उपस्थित सभी लोगों को करमा पर्व पर हार्दिक बधाई दिये। मौके पर ग्रामीणों ने अखड़ा निर्माण करवाने के लिए विधायक का आभार प्रकट किया। मौके पर विधायक ने मांदर बजाकर सामूहिक नृत्य में अपनी सहभागिता निभाई। इस दौरान पाहन गोपाल मुंडा ,बेंजामिन लकड़ा, सोहन्ती उरांव, शंकर उरांव, विकास शाहदेव, सीताराम पासवान, पुनई उरांव, राजेश उरांव, अनुराग उरांव, देवराज उरांव, बीना उरांव, रंजन उरांव सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।