रांची: बगोदर के झामुमो नेता छोटेलाल यादव व मझगांव गढ़वा के आशीष दुबे ने गुरुवार को अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया है। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आहूत एक कार्यक्रम में दोनों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू, विधायक नागेन्द्र महतो, गिरिडीह जिला अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी संजय कुमार जायसवाल सहित कई लोग मौजूद थे।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद छोटेलाल यादव ने कहा कि वे भाजपा की नीतियों के कारण पार्टी में शामिल हो रहे हैं। कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश करुंगा। आशीष दूबे ने कहा कि मैं एक सच्चे सिपाही के तौर पर पार्टी के हित में काम करुंगा। इस बाबत भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा में ही एक साधारण कार्यकर्ता प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री सहित पार्टी का सर्वोच्च पद भी पा सकता है, जबकि अन्य विपक्षी पार्टियां, वंशवाद, परिवारवाद से ग्रसित है। भाजपा कार्यकर्तावाद की पार्टी है। कहा कि भाजपा की सरकार पीएम मोदी व रघुवर दास के नेतृत्व में विकास की कल्याणकारी योजनायें तेजी से धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने दावा किया कि पार्टी विधानसभा चुनाव में अपने 65 प्लस के लक्ष्य को प्राप्त कर लेगी। विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि बगोदर विधानसभा क्षेत्र आज लाल आतंक से मुक्त होकर भाजपा मय हो चुका है। विकास योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र की तस्वीर बदल चुकी है। आज योजनाओं का शिलान्यास ही नहीं बल्कि उदघाटन भी हो रहा है। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक व धन्यवाद ज्ञापन गिरिडीह जिला अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने किया। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में झामुमो के राजेंद्र यादव, जगेश्वर यादव, विनोद यादव, राजू विश्वकर्मा, सुभाष चौरसिया, राजकिशोर यादव, अनवर अंसारी, कामेश्वर यादव, मुकेश भगत सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।