मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा
रांची: विभिन्न मांगों को लेकर रांची नगर निगम कार्यालय में गुरुवार को शुरू हुई रांची नगर निगम कर्मचारी संघ की हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी रही। संघ के उपाध्यक्ष राजू मुंडा ने बताया कि निगमकर्मियों को राज्य सरकार के समतुल्य सातवां वेतनमान भुगतान करने, निगमकर्मियों को एमएसीपी का लाभ, मैट्रिक पास आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति, दैनिक एवं संविदा कर्मचारियों को स्थायी एवं वेतन बढ़ोतरी समेत चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों को तृतीय वर्ग में पदोन्नति और निगमकर्मियों के परिवार की विधवा को पारिवारिक पेंशन जो कि वर्तमान में 300 रूपये दिया जा रहा है, को बढ़ाकर राज्य सरकार के समतुल्य आजीवन किये जाने की मांग निगम अधिकारियों सहित सरकार से की गई है।
उन्होंने बताया कि संघ ने पिछले 10 अगस्त को अपर नगर आयुक्त के साथ वार्ता कर अपनी मांगो पर समझौता किया था, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है। कहा कि अपर नगर आयुक्त ने संघ को आश्वासन दिया था कि उनकी जो भी मांगे हैं उसे सरकार को अवगत कराते हुए जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जायेगा। इसी कारण हम सभी सरकार और निगम प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अपनी मांगों को पूरा करने के लिए आंदोलनरत हैं। निगम कर्मियों के हड़ताल पर जाने की वजह से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निगम के विभिन्न विभागों और शाखाओं में कोई भी लिपिकीय कार्य नहीं हो पा रहा है। जिसकी वजह से आम जनता परेशान हो रही है।
निगमकर्मियों का कहना है कि उनकी मांगों पर हमेशा अब तक केवल आश्वासन देने का काम किया जाता है, है लेकिन अब तक उनकी मांगों को पूरा करने को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होता और ठोस निर्णय नहीं ले लिया जाता तब तक वे अनिश्चित हड़ताल जारी रहेगा। रांची नगर निगम कर्मचारी संघ की इस हड़ताल के कारण जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र निबंधन, भू संपदा विभाग, बाजार शाखा, नगर निवेशन शाखा सहित अन्य विभागों और शाखाओं में राजधानी के नागरिकों का कोई कार्य नहीं हो सका जिससे लोग इधर उधर अपने काम कराने के लिए भटकते नजर आएं।