रांची: विवेकानंद स्मृति पार्क की बंदोबस्ती रद्द

रांची: कोकर डिस्टलरी पुल के समीप बने रांची नगर निगम का स्वामी विवेकानंद स्मृति पार्क शुरू से ही विवादों में रहा है। इसके आधारभूत संरचना से लेकर पार्क के निर्माण के बाद आज तक यह किसी न किसी रूप में चर्चा का विषय रहा। रांची नगर निगम ने इस पार्क की बंदोबस्ती आखिरकार रद्द कर दी है। इसके अलावे पार्क के संचालक को डीबार करने को लेकर आदेश भी जारी कर दिया है। इस बाबत संचालक ने नगर निगम पर पार्क के संचालन में शुरु से ही कोई सहयोग नहीं किए जाने का आरोप लगाया है।
स्वामी विवेकानंद स्मृति पार्क के संचालक सास्वत बनर्जी ने पत्रकारों को बताया कि पार्क के टेंडर करने के समय से ही नगर निगम ने उन्हें किसी तरह का सहयोग नहीं किया। पार्क हैंडओवर लेने के बाद से ही पार्क की स्थिति खराब होती रही। नाले का पानी पार्क में भर गया। पार्क के संचालन व रखरखाव से संबंधित समस्याओं को लेकर उन्होंने कई बार निगम अधिकारियों को पत्र भी दिया। लेकिन निगम अधिकारियों ने कभी भी उनकी बात नहीं सुनी। संचालक ने बताया कि दर्जनों पत्र लिखने के बाद भी उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब निगम ने अचानक से उन्हें डीबार करने को लेकर पत्र भेज दिया है।
इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री व नगर विकास मंत्री से भी गुहार लगाई है। श्री बनर्जी ने बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व निगम की ओर से टेंडर कर उन्हें पार्क संचालन की जिम्मेवारी दी गयी थी। लेकिन पार्क में उस समय न तो चहारदीवारी थी, न ही कोई अन्य व्यवस्था। हर काम के लिए उन्होंने खुद से पैसे खर्च किए। इसके बाद से आजतक उन्होंने पार्क को दुरुस्त करने में करीब दस लाख रुपये से ज्यादा की राशि खर्च कर दी। फिर भी निगम के अधिकारी बेहतर ढंग से पार्क का लाभ रांचीवासियों को मिल सके इसको लेकर कोई सहयोग नहीं किया और न ही एक रुपये की राशि पार्क को व्यवस्थित रखने के लिए उपलब्ध कराया। इसके अलावा जब भी कभी वह निगम अधिकारियों से मिलने निगम कार्यालय पहुंचे, तो उन्हें अधिकारियों से मिलने ही नहीं दिया गया। यदि अब भी नगर निगम उन्हें सहयोग करे तो वे स्वामी विवेकानंद पार्क को बेहतर ढंग से संचालित कर सकते हैं।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More