रांची: राजधानी में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह की गाड़ी तीसरी आंख को धोखा नहीं दे सकी। ये इस बात को जाहिर करता है, कि कानून सभी को समान दृष्टि से देखता है। हालांकि उन्होंने खुद इस बाबत यातायात नियम के उल्लंघन करने के कारण 100 रुपये का जुर्माना दिया।
आपको बता दें कि 23 अगस्त को राजधानी के सर्जना चौक पर लाल बत्ती क्राॅस की थी, जिसे सीसीटीवी ने डिटेक्ट कर लिया। नियम के तहत कार का चालान मंत्रालय को भेजा गया। सीपी सिंह ने इस बाबत कहा कि ड्राइवर ने गलती की थी व नियमानुसार 100 रुपये का जुर्माना भर दिया गया है। कहा कि वह खुद कार ड्राइव नहीं कर रहे थे व ना उनकी कार थी। सरकारी गाड़ी थी, मंत्रालय की कार थी व ड्राइवर चला रहा था। ऐसे में मीडिया ने ऐसा प्रचार किया, मानों कोई आतंकी वारदात हो गई हो। कहा कि ऐसा कई बार होता है कि पीली बत्ती में ड्राइवर आगे बढ़ जाता है और क्रॉसिंग पार करने से पहले लाल बत्ती जल जाती है। ये किसी से भी हो सकता है, तो भला गुनाह क्या है ? आखिर चालक भी तो इंसान है व इंसान से गलती होती है।
श्री सिंह ने कहा कि पहले भी उनका चालान कटा है। कार उनकी पत्नी लेकर गईं थीं। कोतवाली के पास कार खड़ी कर वह शास्त्री मार्केट में शॉपिंग करने चली गईं, तो चालक भी कार छोड़कर चला गया। इसी समय ट्रैफिक पुलिस ने चालान काट दिया। श्री सिंह ने कहा कि वे दूसरों की भी फाइन भरते हैं। कभी भी किसी को रौब या धौंस नहीं दिखाने का काम किया है। मंत्री ने कहा कि यह अच्छी बात है, कि ट्रैफिक को लेकर गंभीरता से मोनिटरिंग की जा रही है।