रांची/चतरा: टंडवा अंतर्गत मगध-आम्रपाली कोल परियोजना में टेरर फंडिंग के एक मामले में आरोपी सीसीएल कर्मी व मास्टरमाइंड बताये जा रहे सुभान मियां समेत 9 के खिलाफ एनआईए कोर्ट ने आरोप तय कर दिया हैं। एनआईए के स्पेशल जज नवनीत कुमार की अदालत में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी आरोपियों विनोद कुमार गंझू, विंदेश्वर उर्फ बिंदु गंझू, बीरबल गंझू, मुनेश गंझू, अमर गंझू उर्फ कोहराम, ट्रांसपोर्टर सुधांशु रंजन उर्फ छोटू सिंह और आधुनिक पावर के जीएम संजय जैन पर आरोप तय किये गये। मौके पर अदालत के समक्ष खुद को निर्दोष बताते हुये सुनवाई करने की गुहार लगाई। कोर्ट ने इनकी बात सुनने के बाद अगली तिथि पर सरकारी गवाह से गवाह पेश करने को कहा।
गौरतलब है कि टंडवा प्रखंड के कमता गांव का सुभान मियां नामक शख्स मगध-आम्रपाली कोल परियोजना में सीसीएल का चतुर्थ वर्गीय कर्मी है। मगध आम्रपाली कोल परियोजना प्रारंभ होने से पुर्व सुभान सीसीएल के पिपरवार परियोजना में कार्यरत था। मगध-आम्रपाली को अस्तित्व में लाने में सुभान मियां की अहम भूमिका मानी जाती है। परियोजना खुलने के क्रम में ही कोयलांचल क्षेत्र में नक्सलियों का वर्चस्व परवान चढ़ा। इसमें प्रमुख रूप से सरकार पोषित नक्सली संगठन टीएसपीसी का भी वर्चस्व बढ़ा। सुभान मियां पर आरोप है कि इन्होंने नक्सली संगठन और सीसीएल के बीच सेतु का काम किया। खनन के दौरान सुभान के संबंध नक्सली संगठन टीएसपीसी से प्रगाढ़ होते चले गए। इस दौरान नक्सली संगठन टीएसपीसी के सहयोग से शांति संचालन समिति का गठन किया गया। शांति संचालन समिति के माध्यम से ही बाहर-भीतर का मामला मैनेज होता था। ऊंची पहुंच और पैरवी की बदौलत सीसीएल का चतुर्थ वर्गीय कर्मी काफी कम समय मे करोड़ो का मालिक बन बैठा। इस बीच सरकार ने टीएसपीसी पर शिकंजा कसा तो सारे मामले परत दर परत खुलते चले गये। इसी के बाद टेरर फंडिंग का बड़ा प्रकरण सामने आया।