रांची: झारखंड के लिए यह गर्व की बात है, कि पहली बार बिस्मिल्लाह खां सम्मान लेने का श्रेय प्रदेश की दो होनहार बेटियों झूमर लोक गायिका मधुश्री हठियाल और भोजपुरी लोक गायिका चंदन तिवारी को मिला है। इस सम्मान को पाने के लिए किसी कलाकर को एक उम्र गुजारनी पड़ जाती है। जिस उम्र में ये सम्मान मिला है तो इतना निश्चित है कि आनेवाले समय में इन्हें देश का सर्वोच्च सम्मान भी मिलेगा। ये बाते मंगलवार को खेल व कला-संस्कृति मंत्री मंत्री अमर बाउरी ने प्रेस क्लब में आहूत सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही।
कला संस्कृति के अलावे पत्रकारिता में रहते हुये समाज के लिए कुछ करने का माद्दा रखनेवाले आनंद दत्ता और आदिवासियों के विकास के लिए कार्नलुईस मिंज को भी इस सम्मान से नवाजा गया है। बाउरी ने कहा कि इन्होंने अपने युवा होने का फर्ज निभाते हुए राज्य और देश के लिए उत्कृष्ट कार्य किया है। मंत्री ने कहा कि ये युवा पत्रकार आज पत्रकारिता का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इन युवा पत्रकारों से सभी को प्रोत्साहन लेने की जरूरत है, ताकि बाकि युवा देश और समाज के लिए आगे आएं। कला संस्कृति मंत्री ने कहा कि आने वाले समय मे सरकार अपने कलाकारों को सम्मानित करने का काम करेगी।
मौके पर मौजूद स्थानीय सांसद संजय सेठ ने कहा कि राज्य की बेटियां खेल, कला संस्कृति के क्षेत्र में परचम लहरा रही है। चंदन तिवारी और मधुश्री हठियाल को जो सम्मान मिला है उससे राज्य के साढ़े तीन लाख जनता भी गौरान्वित है। उन्होंने कहा कि कलाकारों के लिए केंद्र और राज्य सरकार कृतसंकल्पित है। सेठ ने सम्मानित होने वाले पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी और कहा कि आज युवा पत्रकारों को समाज और राष्ट्र के लिए काम करने की जरूरत है। मौके पर रांची विश्वविद्यालय के कुलपति रमेश पांडेय ने पत्रकार और कला क्षेत्र के कलाकार को अपने कॉलेज में बतौर अतिथि शिक्षक के तौर पर छात्रों का मार्ग दर्शन करने का आग्रह किया। वीसी ने कला संस्कृति मंत्री से आग्रह किया कि जिस तरह तमिल, महाराष्ट्र, बंगाल आदि में स्थानीय फिल्म उद्योग को आगे बढ़ाया जा रहा है, उसी तरह झारखंड में भी फिल्म उद्योग के क्षेत्र में काम करने की जरूरत है। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि रांची विवि भी फिल्म उद्योग को आगे बढ़ने क प्रयास कर रही है। ताकि झारखंड का नाम कला क्षेत्र में भी आगे बढ़े। इस बाबत प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किये। सम्मान समारोह में संपादक संजय मिश्र, शम्भूनाथ चौधरी, लोक गायक मधु मंसूरी सहित रांची प्रेस क्लब के पदाधिकारी सहित कई पत्रकार मौजूद थे।