कोडरमा: भाकपा अंचल कमिटी की बैठक सांस्कृतिक भवन जयनगर में कॉमरेड समीम खान की अध्यक्षता में आहूत की गई। इस बाबत अंचल मंत्री अर्जुन यादव द्वारा पेश की गई कार्य रिपोर्ट को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा राज्य कार्यकारिणी सह जिप सदस्य महादेव राम ने कहा कि कोडरमा जिला में यूरिया की कालाबाजारी हो रही है, 350 रूपया में यूरिया बाजार में बिक रहा है जबकि सरकारी रेट 265 रूपये है। इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन पूर्णतः उदासीन है।
आरोप लगाया गया कि किसानों के साथ दमन हो रहा है। बैठक को संबोधित करते हुए जिला मंत्री प्रकाश रजक ने कहा कि कोडरमा जिला में पुलिस के निष्क्रियता के कारण अपराध बढ़ रहा है। इस संबंध में कोडरमा पुलिस को चौकस रहने की जरूरत है। आए दिन छिनतई की घटना बढ़ रही है और कोडरमा जिले के आम आवाम डरा हुआ महसूस करते हैं। बैठक को संबोधित करते हुए महिला नेत्री सोनिया देवी ने कहा कि मजदूरों को संगठन मजबूत करके शोषित मजदूरों को हक दिलाने की आवश्यकता है।
बैठक में 4 सितंबर को जिला समाहरणालय कोडरमा के समक्ष अखिल भारतीय किसान सभा के तत्वधान में धरना प्रदर्शन में जयनगर अंचल से सैकड़ों की संख्या में भाग लेने का फैसला लिया गया। वही 11 सितंबर को सांस्कृतिक भवन जयनगर में अंचल कमेटी जयनगर की संगठन सम्मेलन किया जाएगा तथा 16 सितंबर को जयनगर में निर्माण कामगार यूनियन का जिला सम्मेलन किया जाएगा। मौके पर किशोर कुमार चौधरी, महेश प्रसाद सिंह, रामकुमार यादव, रामेश्वर चौधरी, काली सिंह, जुगेश कुमार यादव, विश्वनाथ रविदास, कामेश्वर पंडित, विनोद पासवान, विनोद यादव, प्रसादी पंडित, नारायण ठाकुर, चंदन रजक, ब्रह्मदेव राणा, दिनेश यादव सहित कई लोग मौजूद थे। धन्यवाद ज्ञापन कॉमरेड रामकुमार यादव ने किया।