रघुवर, अर्जुन, शिबू, हेमंत सहित सभी दलों ने दी श्रद्धांजलि
रांची: पूर्व वित्त मंत्री व भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का शुक्रवार दोपहर लंबी बीमारी के चलते नई दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वे कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज चल रहा था। गुरुवार को उनका डायलिसिस हुआ था। 66 साल के जेटली एम्स में 9 अगस्त से भर्ती थे। उनके निधन के बाद देश के साथ- साथ झारखंड भी मर्माहत है। मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री, सत्ता पक्ष व विपक्ष के नेतागण उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जेटली के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुये कहा, कि भाजपा परिवार ने एक अनुभवी व्यक्तित्व खो दिया। उन्होंने इस बाबत गहरी संवेदना प्रकट करते हुुये अपने आज और कल के सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। कहा कि देश ने अपना एक प्रखर नेता खो दिया है। सीएम ने कहा कि उनके विचार सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनकी शानदार भाषण शैली पक्ष व विपक्ष दोनों को मुग्ध करने की क्षमता रखती थी। देश के विकास में उनका योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता है और मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने के साथ शोक- संतप्त परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य व संबल प्रदान करें।
भारतीय राजनीति को आघात: अर्जुन मुंडा
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर कहा कि यह भारतीय राजनीति को बहुत बड़ा नुकसान है। वे करोड़ों भारतीयों के पसंदीदा राजनेता थे। उन्होंने वित्त मंत्री के पद पर रहते हुए कई ऐतिहासिक फैसले लिये हम सब दुःख की घड़ी में उनके परिजनों के साथ हैं।
झामुमो ने जताया शोक
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की है। झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि राजनीति में सक्रिय रहे अरुण जेटली प्रखर वक्ता होने के साथ- साथ कुशल राजनीतिज्ञ थे। कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरा झामुमोे परिवार उनके परिजनों के साथ है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि श्री जेटली राजनेता होने के अलावे एक प्रख्यात वकील भी थे। वे बौद्धिक क्षेत्र में भी व्यापक पकड़ रखते थे।
नीतीश कुमार का रांची दौरा रद्द
बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीतीश कुमार के आगमन को लेकर जेडीयू ने सारी तैयारी कर ली थी, लेकिन ऐन मौके पर जदयू को कार्यक्रम से महज 20 घंटे पहले इस दौरे को रद्द करना पड़ा। शनिवार को श्री जेटली के निधन के बाद उनका यह कार्यक्रम स्थगित हो गया। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि नीतीश कुमार रविवार को झारखंड में होने वाले कार्यक्रम को लेकर पटना से निकल चुके थे, लेकिन गया पहुंचते ही उन्हें अरुण जेटली के निधन की सूचना मिली, इसके बाद उन्होंने तत्काल दौरा रद्द कर कल श्री जेटली के अंतिम संस्कार में भाग लेने का निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि अब श्री कुमार अगले महीने के पहले सप्ताह में झारखंड आकर विधानसभा चुनाव के बाबत यहां के कार्यकर्ताओं में उर्जा भरेंगे।