बिहार के तीन बार मुख्यमंत्री रहे जगन्नाथ मिश्र का निधन

सीएम रघुवर दास ने व्यक्त की गहरी शोक संवेदना
रांची: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि 82 वर्षीय मिश्र कैंसर से पीड़ित थे व दिल्ली में सोमवार की सुबह अंतिम सांसे लीं। उनके निधन पर प्रदेश की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास, झारखंड विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी सहित पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने गहरी शोक संवेदना प्रकट की है।
सीएम रघुवर दास ने कहा है कि सीएम रघुवर दास ने ट्वीट कर कहा कि श्री जगन्नाथ मिश्र जी को शत-शत नमन। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे एवं दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दे। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने भी ट्वीट कर शोक प्रकट कर कहा कि श्री मिश्र के निधन की खबर से आहत हूं। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं उनकी आत्मा को शांति दे। गौरतलब है कि मिश्र एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील राजनेता और अर्थशास्त्र के विद्वान प्राध्यापक थे।
उन्होंने तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री के रूप में देश की सेवा की। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व राज्यपाल ने कहा कि इस बाबत बिहार के राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके निधन से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के राजनीतिक, सामाजिक एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। बिहार सरकार ने जगन्नाथ मिश्र के निधन पर राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक तथा उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ कराए जाने की घोषणा की है। प्रदेश के कांग्रेस, राजद सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मिश्र के निधन पर संवेदना प्रकट करते हुये कहा कि वे सदैव कमजोर तबकों की आवाज उठाई व लंबे समय तक उन्हें याद किया जाएगा।
प्रोफेसर से सीएम की कुर्सी का सफर
बिहार की राजनीति के कद्दावर नेता व तीन बार सीएम रहने के अलावे ये यहां के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके थे। उनकी गिनती इंडियन नेशनल कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में होती थी। इन्होंने काफी संघर्ष व चुनौतियों को झेलते हुये प्रोफेसर से लेकर सीएम तक की कुर्सी के फासले को तय किया। अपने करियर का आगाज डाॅ मिश्र ने बिहार यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर के तौर पर की। बचपन से ही इन्हें राजनीति में गहरी दिलचस्पी थी। इनके बड़े भाई ललित नारायण मिश्रा सक्रिय राजनीति में थे। वे रेल मंत्री भी रह चुके थे, ऐसे में राजनीतिक पाठ इनके विरासत का हिस्सा था। अपनी नौकरी के समय ही ये कांग्रेस की सदस्यता ले चुके थे। पहली बार 1975 व दूसरी बार वर्ष 1980 में बिहार के सीएम बने। आखिरी बार 1989 से 1990 तक मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के रुप में भी काम किया। लोगों का कहना है कि बिहार में इनके कांग्रेस छोड़ने के बाद कांग्रेस का पतन का आगाज हो गया। वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का हिस्सा बन गये। 30 सितंबर 2013 को इन्हें चारा घोटाले में 44 अन्य लोगों के साथ दोषी ठहरा दिया गया। चार साल के जेल के साथ-साथ 2 लाख का जुर्माना भी लगाया गया। स्वास्थ्य कारणों से इन्हें इस बाबत बेल मिल गया था। इस बाबत कई सवाल भी उठ रहे थे, लेकिन अब निधन के बाद राजनीतिक गलियारा शोक संतप्त है।

[URIS id=9499]

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More