पत्नी की हत्या का आरोपी फरार आर्मी जवान धराया

रांची: राजधानी के दीपाटोली आर्मी कैंट में पत्नी की हत्या कर फरार आर्मी जवान देशपाल अठावले को सदर थाने की पुलिस गिरफ्तार कर शुक्रवार को महाराष्ट्र से रांची पहुंची। अठावले को तीन दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर यहां लाया गया है व थाने में उससे पूछताछ की जा रही है। इसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि पत्नी की हत्या के बाद से वह महाराष्ट्र के कल्याण स्टेशन पर रेलवे प्लेटफॉर्म में सोता था। ठाणे जिले के कल्याण रेलवे पुलिस की मदद से देशपाल अठावले पकड़ा गया है। गिरफ्तारी की सूचना के बाद उसे लेने के लिए रांची पुलिस की टीम कल्याण पहुंची थी। बीते मंगलवार की रात वह कल्याण प्लेटफॉर्म पर सोया था। उसका मोबाइल बगल में रखा था। जीआरपी पुलिस की टीम उस समय प्लेटफॉर्म में तलाशी कर रही थी।
इस दौरान पुलिस ने देशपाल से पूछा यहां क्यों सोए हो ? इस पर वह पुलिसकर्मियों से उलझकर कहा कि मैं भी पुलिस वाला हूं। रांची के दीपाटोली आर्मी कैंट में पोस्टेड हूं। इसपर जीआरपी पुलिसकर्मी ने तुरंत रांची पुलिस से संपर्क करने के बाद उसका सत्यापन किया। इस दौरान ये पता चला कि वह पत्नी की हत्या कर फरार है। उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया। बताया जा रहा है कि पत्नी की हत्या के बाद जवान देशपाल अठावले डिप्रेशन में चला गया है। वह कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस उसे बहला फुसलाकर रखा व रांची पहुंचने के बाद उससे पत्नी की हत्या की वजह पूछी जा रही है। गौरतलब है कि अठावले बीते एक अगस्त की रात पत्नी मनीषा अठावले की गला घोंटकर हत्या करने के बाद से फरार था। वह अपने दो बच्चों को छोड़कर भागा था। जाते- जाते कह कर निकला था, कि दस बजे से पहले किसी को नहीं बताना, वरना जेल हो जाएगी।
[URIS id=9499]



