रांची: वन्यजीवों के संरक्षण को ले सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

हाथियों को मिले आवागमन का बेहतर मार्ग
रांची: राज्य सरकार वनों व वन्य जीवों के संरक्षण के लिए वचनबद्ध है। हाथी समेत अन्य वन्य जीवों को सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। वनों में ही हाथियों को भोजन मिले इसके लिए ज्यादा से ज्यादा बांस लगायें। इसके अलावे पानी की व्यवस्था करें। उक्त निर्देश मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड मंत्रालय में राज्य वन्य जीव पर्षद की बैठक में दिये।
सीएम ने कहा कि वन्य क्षेत्र मे आनेवाले सभी विद्यालयों में बच्चों के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलायें, ताकि वन व वन्य जीवों के संरक्षण में सहयोग मिल सके। इस बाबत अधिकारियों ने बताया कि सीएम के निर्देशोप्रांत जंगली हाथियों द्वारा किसी परिवार के मुखिया की मृत्यु होने पर प्रभावित बच्चों की पढ़ाई- लिखाई के लिए सरकारी स्कूल में नामांकन कराया जायेगा। इस बाबत सभी उपायुक्तों को निर्देशित किया जा रहा है। रांची- जमशेदपुर मार्ग पर हाथियों के आवागमन के लिए अंडर पास का निर्माण कराया जा रहा है।
बताया गया कि पलामू टाइगर रिजर्व में अवैध शिकार की रोकथाम के लिए कानूनी प्रावधानों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। वर्ष 2018-19 के दौरान कुल 6094 हेक्टेयर क्षेत्र में बांस- बखारों की सफाई की गयी। इससे नयी फसल आने में आसानी होगी। इस दौरान विभाग द्वारा 42 हेक्टेयर निजी भूमि पर बांस वनरोपण अग्रिम कार्य, पौधशाला की स्थापना समेत अन्य कार्य किये गये हैं। वनभूमि पर वृहद बांस पुनर्जनन के कार्य के तहत अगले तीन साल में 5000 हेक्टेयर क्षेत्र में कार्य करने की योजना है। बैठक में वन विभाग के अपर मुख्य सचिव इंदूशेखर चतुर्वेदी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल, हेड ऑफ फॉरेस्ट संजय कुमार समेत पर्षद के सदस्य मौजूद थे।

[URIS id=9499]

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More