संभावित सुखाड़ से मुकाबले के लिए तैयार रहें: मुख्य सचिव

किसानों को सहायता पहुंचाने का निर्देश
रांची: मुख्यसचिव डीके तिवारी ने अधिकारियों को इस वर्ष संभावित सुखाड़ से मुकाबले के लिये मुस्तैद रहने को कहा है। सोमवार को उन्होंने मुख्यालय के अधिकारियों सहित राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये किसी भी स्थिति से निबटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है। गौरतलब है कि इस बार जुलाई पार होने को है और मानसून नदारत नजर आ रहा है। सीएस ने अधिकारियों से साफ कहा कि किसानों से बात कर उनकी जरूरत के अनुसार उन्हें सहायता पहुंचाने की रणनीति एक सप्ताह के भीतर पूरी कर लें।
मुख्य सचिव ने राज्यभर के उपायुक्तों को इस मसले पर अलर्ट करते हुए हर जिले में दलहन और तिलहन के बीज, खाद की प्रचुर मात्रा में व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। कम पानी में होने वाली फसल का दायरा बढ़ाने का निर्देश देते हुए डाॅ तिवारी ने कहा कि जिलों में बीज व खाद की उपलब्धता की भौतिक स्थिति से अवगत कराने को भी कहा है। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिया कि अगर आगे भी अच्छी बारिश नहीं हुई और सुखाड़ की स्थिति बनी, तो किसानों को राहत पहुंचाने के लिए उस समय का इंतजार नहीं करें। अभी से अपनी तैयारी रखें, ताकि ससमय राहत उपलब्ध हो सके।
गावों में रोजगार की कमी नहीं रहे
मुख्य सचिव ने कम बारिश से खेती के प्रभावित होने की स्थिति में गांवों में हर हाथ को काम देना सुनिश्चित करने का निर्देश मनरेगा आयुक्त को दिया। मनरेगा आयुक्त ने बताया कि फिलहाल जल शक्ति योजना के तहत 54 हजार नई योजना पर पूरे राज्य में काम चल रहा है तथा उससे रोजगार भी सृजित हो रहा है। उन्होंने बताया कि मजदूरी भुगतान के लिए भी केंद्र से 150 करोड़ रुपये मिल गए हैं, इसलिए तत्काल मजदूरी भुगतान भी हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गांव में मनरेगा के द्वारा शार्ट और लॉंग टर्म योजनाएं संचालित हैं तथा रोजगार सृजन हो रहा है। उन्होंने स्टेट डिजास्टर रिसपांस फंड का 350 करोड़ रुपये एक सप्ताह के भीतर उपायुक्तों को उपलब्ध कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया। मुख्य सचिव ने सभी को पेयजल उपलब्ध कराने की तैयारियों को अमलीजामा पहनाने की बात कही। कहा कि इस वर्ष इस मद में 100 करोड़ रुपये खर्च किए गये हैं, उन्होंने इस मद की अतिरिक्त 80 करोड़ रुपये तत्काल जिलों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। आंकड़ों के अनुसार राज्य में अभी तक 45 फीसदी कम बारिश हुई है, जो पिछले वर्ष से भी कम है। इससे आठ जिलें चतरा, बोकारो, धनबाद, गोड्डा, पाकुड़, रांची, सरायकेला-खारसावां तथा खूंटी सर्वाधिक प्रभावित हैं। लेकिन, कमोबेस पूरे राज्य में बारिश की स्थिति अच्छी नहीं हैं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी 11 जिलों में धनरोपनी शून्य है। दलहन और तिलहन की खेती में भी थोड़ी गिरावट है।
[URIS id=9499]

