रांची बने देश का अव्वल स्मार्ट सिटी: सीपी सिंह

रांची: झारखंड के नगर विकास व आवास मंत्री सीपी सिंह ने शनिवार को रांची के धुर्वा क्षेत्र में 656.3 एकड़ जमीन पर विकसित हो रहे रांची स्मार्ट सिटी परिसर में निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। मंत्री ने इस बाबत अधिकारियों को कई सुझाव व आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि उन्हें खुशी है कि देशभर के स्मार्ट शहरों में रांची अग्रणी पंक्ति में खड़ी है, लेकिन हमारा टारगेट है कि रांची पूरे देश का सर्वाधिक बेहतर व अव्वल स्मार्ट सिटी बने।
नगर विकास मंत्री ने इसके लिए समय पर गुणवता के साथ कार्य पूरे किये जाने की बात कही। उन्होंने निर्माणाधीन स्मार्ट सिटी की हरियाली पर भी विशेष जोर देते हुये कहा कि सड़कों के किनारे एक प्रकार के पेड़ लगाएं, जिससे हरियाली भी रहेगी व शहर सुंदर भी लगेगा। मंत्री ने निर्माणाधीन झारखंड अर्बन प्लानिंग मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (जुपमी), कन्वेंशन सेंटर और अर्बन सिविक टावर का भी निरीक्षण किया। श्री सिंह ने नवंबर 2019 से पूर्व जुपमी के निर्माण कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने दूसरी कंपनियों को भी समय पर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य में गुणवता में कोई समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। इस बाबत भवनों में सुरक्षा मानकों का पूरा ख्याल रखा जाये। सड़कों के निर्माण में भी अव्वल दर्जे के मैटेरियल का इस्तेमाल करें। परिसर हरा- भरा रहे इसका पूरा ख्याल रखें और अधिक से अधिक पौधारोपण करें। कहा कि चौबीस माह में काम पूरा करना है तो उसके लिए लक्ष्य 20 माह ही रखें।
[URIS id=9499]


