पांच पुलिसकर्मियों के हत्यारे चार नक्सली धराए

शहीद जवान का मोबाइल बरामद
स्टेट ब्यूरो: चांडिल के पास तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकडु साप्ताहिक हाट में 14 जून की शाम 5 पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में चार नक्सलियों को दबोच लिया गया है। इनके पास से एक शहीद जवान का मोबाइल सिम सहित बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के बाद शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। गौरतलब हो कि इस हमले में दो एएसआई गोवर्धन पासवान व मनोधन हांसदा सहित, सिपाही युधिष्ठिर मालुआ, सिपाही डिब्रू पूर्ति व सिपाही धनेश्वर महतो शहीद हो गए थे।
जिले के एसपी कार्तिक एस ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी, कि तिरूलडीह कुकडू हाट में पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले नक्सली ईचागढ़ थाना क्षेत्र में घूमते देखे गये हैं। इस बाबत एक टीम तुरंत बनाकर महाराज प्रमाणिक दस्ता के हार्डकोर नक्सली सुनील टुडू को दबोच लिया गया। इसकी निशानदेही पर इस घटना में शामिल बुधुराम मार्डी, श्रीराम मांझी और रामू उर्फ रामनरेश लोहार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से दो बाइक, लोकसभा चुनाव-2019 के बहिष्कार से संबंधित बुकलेट, शहीद आरक्षी युधिष्ठिर मलुआ का सीम समेत मोबाइल फोन और पोस्टर बरामद किया है।
[URIS id=9499]


