– हथियार व बाइक छोड़ भागे उग्रवादी
खूंटी: जिले के मुरहू थाना अंतर्गत सरवादा गांव में सोमवार को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के उग्रवादियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की ताकत को भांपते हुए उग्रवादी हथियार सहित बाइक छोड़कर घने जंगलों में निकल भागे। पुलिस ने बताया कि पीएलएफआई के हार्डकोर नक्सली दीत नाग दस्ते के दो-तीन नक्सलियों के सरवादा में आने की खुफिया जानकारी मिली थी।
[URIS id=9499]
इस बाबत एसपी द्वारा मुरहू के थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता को सूचना के सत्यापन का निर्देश दिया गया। लिहाजा जैसे ही थानेदार पुलिस के जवानों सहित आज शाम सरवादा पहुंचे तो नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने फौरन इसका मुहतोड़ जवाब दिया व पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली घरे जंगलों की ओर भाग निकले। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक राइफल, पांच जिंदा कारतूस, एक पिट्ठू सहित बाइक बरामद की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान चला रही है।