– पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया
टाटीझरिया (हजारीबाग): झारखंड मानवता की दृष्टि से एक बार फिर शर्मसार हुआ है। हजारीबाग के टाटीझरिया के थाना क्षेत्र में एक महिला को पहले अर्द्धनग्न किया गया व फिर बांधकर पीटा गया। पुलिस ने इस प्रकरण में पीड़ित महिला के बेटे की फरियाद पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों विनोद गंझू व देवा गंझू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
[URIS id=9499]
बताया जा रहा है कि टाटीझरिया थाना अंतर्गत मुरुमातु गांव में एक अधेड़ उम्र की महिला कुंजिया देवी, पति स्व. बासुदेव गंझू की उसके भैंसुर, देवर, भैंसुर बेटा और गोतनी ने अर्द्धनग्न कर पिटाई की। महिला के दोनों हाथ पीछे कर रस्सी से बांध दिये गये थे। मां की पिटाई से व्याकुल 6 वर्षीय बेटा विकास गंझू इस दौरान भागकर थाना पहुंचा व पुलिस को इसकी जानकारी दी। इस प्रकरण को लेकर पुलिस ने बताया कि दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है व महिला की गोतनी राधा देवी, रीना देवी, मोसमात लक्षवा व अन्य के विरुद्ध थाना कांड संख्या 20/19 दिनांक 14 जुलाई 2019 में धारा 147, 148, 149, 448, 307, 354 आइपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कुंजिया देवी ने थाना में आवेदन दिया है कि उसकी सौतेली बेटी सुबासो कुमारी जिसका ननिहाल जमनीजारा गोमिया है। उसकी शादी घटना के दिन रविवार को बनासो मंदिर में होने वाली है। उसका कहना है, कि उसने अपनी सौतेली बेटी को पाल-पोसकर बड़ा किया, लेकिन उसकी शादी में इसको नहीं पूछा गया। उसने इस बात को परिवार के समक्ष रखा तो भैंसुर, देवर, भैंसुर बेटा और गोतनी ने उसे अर्द्धनग्न करके मारपीट की। विधवा का मायके तेनुघाट के रंगामाटी चीनीयागड्ढा है व इसके पति का देहांत हो चुका है।