माॅब लिंचिंग मामला: मंत्री आग में घी डाल रहे: कांग्रेस

रांची: माॅब लिंचिंग प्रकरण में दो घायल युवकों से मिलने मेडिका अस्पताल पंहुचे प्रदेश के मंत्री सीपी सिंह पर विपक्ष ने राजनीति करने का आरोप लगाया है। विपक्ष का आरोप है कि सत्तारुढ़ दल आग में घी डालने का काम रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता व मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर का कहना है कि मंत्री सिर्फ ऐसे मामले पर राजनीति करना चाहते हैं। ऐसी दुख की घड़ी में नफरत की आंच घर- घर तक पहुंच चुकी है।
राजेश ठाकुर ने कहा कि माॅब लिंचिंग जैसे मामलों पर अंकुश लगाना चाहिए, लेकिन मंत्री बेवजह बात कर रहे हैं। गौरतलब हो कि नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने मारपीट करनेवाले लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई करने की बात कही है। ठाकुर ने कहा कि किसी भी समुदाय के लोगों के साथ अगर मारपीट होती है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई हो, लेकिन नफरत की आग पर उसमें पानी की बजाय किरासन तेल डालने का काम किया जा रहा है। उन्होंने सभी धर्म के लोगों से मामले को शांत करने के लिए आगे आने की अपील की है।

[URIS id=9499]

 

लोग अपनी सुरक्षा खुद करें: झामुमो
जेएमएम के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि जिस प्रकार से मॉब लिंचिंग की घटना को लेकर लगातार लोग अपना विरोध जाहिर कर रहे हैं, इन सब के बीच कहीं ना कहीं सरकार के ऊपर एक प्रश्न चिन्ह खड़ा हो रहा है। लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। भट्टाचार्य ने राज्य के पुलिस पर सवाल खड़ा करते हुए लोगों से आहवान किया, कि वे अपनी सुरक्षा खुद करें। कहा कि जिस प्रकार से पुलिस वीआईपी मूवमेंट और दूसरे इवेंट में व्यस्त रहती है, ऐसे में लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। उन्होंने कहा कि 10 जुलाई को नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन के आवास पर एक बैठक होगी, जिसमें 22 जुलाई से होनेवाले विधानसभा सत्र को लेकर बातचीत होगी। इसमें विपक्ष की एकजुटता भी पता चलेगी।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More