रांची: केंद्रीय बजट में शुक्रवार को तेल व डीजल के दामों में की गई बढ़ोतरी के बाद शनिवार से राजधानी में इनमें 2- 2 रुपये बढ़ा दी गई हैं। आम लोगों ने इसे लेकर नाराजगी जाहिर की है। व्यापारी राधे शर्मा का कहना है कि अचानक दो रुपए प्रति लीटर डीजल में बढ़ोतरी किये जाने से आमलोगों को मंहगाई की मार झेलनी पड़ेगी। लोहरदगा के सूरज कुमार मिश्रा का कहना है कि सरकार के निर्णय से आम लोगों की परेशानी बढ़ेगी।
डीजल व पेट्रोल में दाम बढ़ने से अनेक सामानों में दाम की बढ़ोतरी होगी। व्यापारी नन्हें का कहना है, कि आम लोगों को अब खाने- पीने के सामान से लेकर अन्य चीजों में महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी। खासकर मीडिल क्लास फैमिली इससे ज्यादा प्रभावित होंगे। ऑटो, बस व ट्रक चालक भी कह रहे हैं, कि अब हमें मजबूरन भाड़ा बढ़ाना होगा। कुल मिलाकर लोगों की जेबें ढीली होंगी। राजधानी रांची में आज से डीजल 65.80 व पेट्रोल 71.38 रुपये मिल रहे हैं। हजारीबाग में लोगों की मिली जुली प्रतिक्रिया सामने आयी है।
कुछ लोगों का कहना है कि अर्थ व्यवस्था को मजबूत करने के लिए देशहित में ऐसा करने ने कोई खास फर्क नही पड़ता है, वहीं मध्यम वर्गीय परिवार का कहना है कि प्रधानमंत्री लोगों को महंगाई से निजात दिलाने का वादा करके सत्ता में आए थे, लेकिन उल्टे काम हो रहे हैं। पेट्रोल लेना मजबूरी है, तो घरेलु बजट पर इसका प्रभाव पड़ेगा। लोग ये भी कह रहे थे, कि पेट्रोल व डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जाएगा, लेकिन इसके विपरीत दाम बढ़ाकर सरकार ने गलत निर्णय लिया है। इससे लोगों को दिक्कत होगी।