झारखंड के स्लम इलाकों में खुल रहें ‘मुहल्ला क्लिनिक’

रांची। राज्य के सभी स्लम क्षेत्रों में खोले जाएँगे मुहल्ला क्लिनिक। झारखंड सरकार भी दिल्ली की तर्ज पर मुहल्ला क्लिनिक खोलने की तैयारी कर रही है। जिसके बाद झारखंड के शहरी स्लम इलाकों में रह रहे लोगों को छोटी-छोटी बिमारियों के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं मुहल्ले में ही मिल जाएंगी। झारखंड स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के बयान के अनुसार स्लम क्षेत्र में 15,000 की आबादी पर एक मुहल्ला क्लिनिक खोला जाएगा। इस आंकड़े के तहत स्लम क्षेत्रों की जनसंख्या के मुताबिक 25 मुहल्ला क्लिनिक स्थापित किए जाएंगे।शुरुआत में इसकी संरचना अस्थायी होगी, जिसे कभी भी स्थानांतरित किया जा सकेगा।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने बताया कि शहरी क्षेत्र में झोपड़ियों में रहने वाले आर्थिक अभाव के कारण या समयाभाव के कारण सही समय पर चिकित्सा सुविधाएं नहीं ले पाते हैं। मजदूरी करने वालों को इलाज के लिए एक दिन का काम तक छोड़ना पड़ जाता है। ऐसे लोगों के लिए सरकार मुहल्ला क्लिनिक स्थापित करने जा रही है, जो सुबह और शाम संचालित रहेगी। बड़ी बीमारियाँ होने पर ऐसे मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाएगा।
चंद्रवंशी के अनुसार मुहल्ला क्लिनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की तरह कार्य करेगा। यहां मरीजों को दवा, डॉयग्नोस्टिक सहित डॉक्टरी सुझाव भी नि:शुल्क मिलेंगे। वहीँ  स्वास्थ्य विभाग मुहल्ला क्लिनिक के जरिए सरकारी अस्पतालों में भीड़ कम करना चाहती है। यहां गंभीर बीमारियों से लेकर हल्की बीमारियों जैसे सर्दी-जुकाम, बुखार के मरीजों को भी घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता हैं। ऐसे में मुहल्ला क्लिनिक लोगों को इससे निजात दिलाएगी।

मंत्री जी ने स्पष्ट रूप से कहा कि ये क्लिनिक ‘अवेयरनेस जनरेशन सेंटर’ के रूप में भी चलाई जाएगी। क्यूंकि कई बीमारियां ऐसी भी हैं, जो गरीबी, अशिक्षा, जानकारी की कमी, साफ-सफाई, स्वच्छता एवं सेहत के प्रति उदासीनता की वजह से फैलती हैं।

स्वास्थ्य विभाग के सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी के मुताबिक मुहल्ला क्लीनिक के प्रस्ताव पर योजना प्राधिकृत समिति की स्वीकृति मिल गई है, और इसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। ‘लाइफ सेवर्स’ संस्था जो झारखंड में स्वास्थ्य के क्षेत्र में वर्षों से काम कर रही, उसके प्रमुख अतुल गेरा भी झारखंड में मुहल्ला क्लिनिक खोलने की योजना को सही बताते हैं।
[URIS id=9499]
 गौरतलब है कि मुहल्ला क्लिनिक का विचार सबसे पहले राष्ट्रीय राजधानी में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने 2015 में पेश किया था और 2018 तक दिल्ली में 187 मुहल्ला क्लिनिक संचालित भी हो रहे हैं। दिल्ली सरकार ने साल 2020 तक 1000 मुहल्ला क्लिनिक स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। (आईएएनएस)
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More