पोड़ैयाहाट (गोड्डा): गोड्डा के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को जंगली हाथियों के झुंड से बिछड़कर एक हाथी ने तीन गांव में जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने इस दौरान एक दिव्यांग सहित तीन लोगों पर हमला बोल दिया। इसमें दो ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई व तीसरा व्यक्ति गंभीर रुप से घायल है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार तेलिया टिकर गांव के दिव्यांग बुजुर्ग रीतलाल सिंह (65) आज सुबह करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच वहीं की एक पदी के पास नहाने पंहुचे थे, कि अचानक उनपर हाथी ने हमला बोलकर कुचलकर मार डाला।
[URIS id=9499]
हाथी ने अमजोरा गांव के किसान उपेंद्र गोस्वामी (55) को भी खदेड़ा व फिर पटकने के बाद कुचल कर जान से मार डाला। यहां से उक्त हाथी द्वारा शिवनगर के नीतेश सिंह (21) पर हमला बोल दिया। नीतेश हाथी की तस्वीर खीच रहे थे। किसी प्रकार से वहां से भागकर उसने जान बचायी, लेकिन बुरी तरह से जख्मी हो गया।
हाथियों को खदेड़ा
हाथी के हमले की सूचना पाकर मौके पर दल- बल के साथ पंहुचे डीएफओ अरविंद कुमार द्वारा जंगली हाथी को घटनास्थल से खदेड़ दिया गया। तत्काल वन विभाग ने मृतकों के परिजनों को 25- 25 हजार रुपये दिए व घायल के इलाज हेतु 20 हजार की सरकारी सहायता दी। डीएफओ ने बताया कि प्रावधान के तहत मृतकों के आश्रितों को 4- 4 लाख रुपये दिए जाएंगे। शेष राशि प्राथमिकी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद विभाग की ओर से पीड़ित परिवारों को दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों के मौजूद झुंड से ग्रामीण अभी भारी दहशत में हैं।