बोकारो: ये इश्क नहीं आसां बस इतना समझ लीजिए, एक आग का दरिया है और डूब के जाना है। जिगर मुरादाबादी ने पूरे तजुर्बे के साथ काफी सोच- समझकर यह मशहूर शेर लिखा होगा। यह आज के जमाने में ही प्रासंगिक है। बोकारो के उपशहर चास के रहने वाले इस प्रेमी जोड़े के लिए यही आग का दरिया इन दिनों उनकी मुसीबत का कारण बना हुआ है। शादी कर चुका ये प्रेमी युगल न्याय की खातिर दर- दर भटकता फिर रहा है। लड़की के मां- बाप ने लड़के वालों को अपराधी बनाकर थाने में पकड़वा दिया, वहीं कथित तौर पर लड़की को खुद की आनर किलिंग का डर है। ये कहते हैं कि हमने प्यार किया है, कोई गुनाह नहीं। हम बालिग हैं और अपने पूरे होशो- हवाश में शादी की है, लेकिन पुलिस हमें अपराधियों की तरह खोज नहीं है। सोमवार को बोकारो एसपी पी मुरुगन के घर की चौखट पर इस प्रेमी युगल ने अपनी पीड़ा रखते हुए इंसाफ देने की मांग की।
[URIS id=9499]
मीडियाकर्मियों के सामने भी इन्होंने फरियाद की। चास स्थित भोजपुर कॉलोनी की रहने वाली कुमारी निहारिका (19) ने कहा कि उसने कैलाश नगर के रहने वाले अमित कुमार (21) के साथ प्यार किया है, लेकिन घर वाले उनके खिलाफ हैं। दोनों ने डेढ़ माह पहले पुरुलिया स्थित चिड़का धाम में भगवान भोलेनाथ और मां पार्वती को साक्षी मानकर शादी रचायी। लेकिन, उसके बाद से वे लगातार चैन और खुशी की तलाश में इधर- उधर भटक रहे हैं. उनका कहना है कि उनके घर के लोग उन दोनों को मार देंगे। निहारिका ने कहा कि वह अपनी मर्जी से अमित के साथ रह रही है। सहमति से उसके साथ शादी की है। इसमें अमित की कहीं कोई गलती नहीं है, जबकि उसके माता- पिता ने अमित पर उसे भगाने का आरोप लगाकर मामला दर्ज कराया है। अमित ने कहा कि इस मामले को लेकर उसके माता-पिता और परिवार के अन्य लोगों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया था। बताया जाता है कि एसपी के पास जब यह मामला पहुंचा तो उन्होंने चास थाने की पुलिस को बुलवा लिया और उसे ही मामले को सुलझाने को कहा। चास पुलिस दोनों को डांटती- फटकारती गाड़ी में बिठाकर थाने ले गई, जहां मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों ने अंतरजातीय विवाह किया है।