प्रदेश के 12वें डीजीपी ने संभाली कमान
रांची: झारखंड के नवनियुक्त डीजीपी केएन चौबे ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद दो टूक कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में शांतिपूर्ण व्यवस्था कायम रखना उनका प्रारंभिक ध्येय होगा। डीजीपी ने कहा कि राज्य में अपराध व नक्सलवाद के खिलाफ नई रणनीति के साथ झारखंड पुलिस विशेष अभियान चलाएगी।
उन्होंने कहा कि वे सामूहिक नेतृत्व में विश्वास करते हैं, पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिलों के एसपी सहित अन्य अधिकारियों से बात करके अपनी मंशा स्पष्ट कर दी। कड़े तेवर में कहा कि गड़बड़ी करने वालों को सीधे बर्खास्त किया जाएगा। कहा कि झारखंड में भारत सरकार की कार्यसंस्कृति लागू करेंगे, जिसमें बयान के बजाय रिजल्ट पर काम होगा। नये डीजीपी ने कहा, कि बुलेट से ज्यादा ताकत कानून में होती है।
[URIS id=9499]
पुलिस को होना होगा संवेदनशील
डीजीपी ने कहा कि एक गरीब ग्रामीण की साईकिल व मोटरसाइकिल चोरी भी उतनी ही कीमती है, जितनी अमीर की मर्सिडीज कार। इसलिए पुलिस को सभी मामलों को संवेदनशीलता से लेना होगा। उन्होंने कहा कि किसी जिलेे में एसपी को ईश्वर की तरह पूजा जाता है, तो वो उनकी कार्यप्रणाली के चलते संभव होता है। श्री चौबे ने कहा कि मैं ईमानदारी के साथ परिश्रम से कार्य करने पर विश्वास करता हूं। उन्होंने कहा मैं विश्वास दिलाता हूं, कि उनका दरवाजा पुलिस के जवानों के लिए भी खुला रहेगा।
कौन हैं डीजीपी चौबे
1986 बैच के बिहार कैडर के आइपीएस मूल रूप से बिहार के कैमूर जिला (भभुआ) के रहने वाले हैं। वे बेहद तेज- तर्रार पुलिस अफसर हैं। वे 21 अगस्त, 2021 को सेवानिवृत होंगे। श्री चौबे ने डीजीपी डीके पांडेय की जगह ली है, जो 31 मई को ही रिटायर हो गये। इन्हें खास तौर पर भारत- बांग्लादेश व भारत- पाक सीमा पर लंबे समय तक काम करने का अनुभव प्राप्त है। झारखंड में जैप एडीजी, देवघर एसपी रह चुके हैं। इनके पितता उमाकांत चौबे प्रशासनिक सेवा में थे। भाई आरएन चौबे आईएएस हैं। इससे पूर्व वे बीएसएफ में एडीजी ऑपरेशन थे। पूर्व में वे संयुक्त बिहार में देवघर, बेगूसराय, अररिया, लखीसराय के एसपी रह चुके हैं। चौबे लंबे समय तक केंद्र में मंत्री रहे प्रफुल पटेल व बांका के पूर्व सांसद दिग्विजय सिंह के ओएसडी भी रह चुके हैं। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद वर्ष 2014 में जैप के एडीजी थे। इसके बाद पुन: 2016 में वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए थे और तब से बीएसएफ में पहले आइजी फिर एडीजी बने। इन्होंने दिल्ली विवि से पढ़ाई की व इतिहास के प्रोफेसर भी रहे।