रांची: डोरंडा और जगन्नाथपुर थाने से जुड़े 17 गांव व मुहल्लों को अलग कर जिला प्रशासन ने एयरपोर्ट थाने की शुरुआत की है। दो मार्च से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में इस थाने का काम काज शुरू होने की बात कही गयी थी, लेकिन औपचारिक रूप से 10 दिनों से थाने का कामकाज शुरू हुआ है। थाने के पहले प्रभारी के रूप में नरेश मिश्र की पोस्टिंग की गयी है।
[URIS id=9499]
एयरपोर्ट थाने में नामकुम, खूंटी का कर्रा, लोधमा इलाका भी शामिल है। इसके अलावे थाने के अधीन हिनू का साकेत नगर, न्यू साकेत नगर, पोखरटोली, खोखमाटोली, हुंडरू, हेथू, बड़ा और छोटा घाघरा, चंदाघांसी, सिलागांई, कर्रा, लोधमा, बरियातू (नामकुम), ओबरिया, सिलादोन समेत 17 गांव शामिल हैं। इन में से पहले 10 गांव डोरंडा थाने के अधीन आते थे,जबकि सात गांव जगन्नाथपुर थाने में, अब डोरंडा और जगन्नाथपुर थाने के अधीन गांवों को कम कर थाने की कार्यप्रणाली को कारगर तथा पारदर्शी बनाने की कोशिश की गयी है। जल्द ही नये भवन में शिफ्ट होगा थाना, एयरपोर्ट परिसर में ही थाने के लिए नया भवन बनाया जा रहा है। एयरपोर्ट के पार्किंग स्थल पर बन रहे नये भवन में थाना नये रूप से काम करेगा। फिलहाल पूर्व की एक खाली कैंटीन की जगह पर थाने का अस्थायी रूप से कामकाज चल रहा है।