खड़ी हाइवा को सवारी गाड़ी ने मारी टक्कर, तीन की मौत, एक दर्जन घायल

दुमका: झारखंड की उपराजधानी में दुमका- पाकुड़ मुख्य मार्ग पर शनिवार की देर रात गोपीकांदर थाना अंतर्गत जियापानी गांव के पास रोड किनारे खड़ी हाइवा को एक तेज रफ्तार से आ रही सवारी जीप ने जोरदार धक्का मार दिया। घटना में जीप के परखच्चे उड़ गये और तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक दर्जन लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल मौके पर पंहुची पुलिस टीम ने आनन- फानन में उन्हें आमड़ापाड़ा स्वास्थ्य केंद्र पंहुचाया, जहां प्रारंभिक इलाज के बाद बेहतर इलाज हेतु रेफर कर दिया गया है।
फिलहाल दुमका के सदर अस्पताल में घायलों का इलाज किया जा रहा है। दुर्घटना में गंभीर चोट के कारण रामगढ़ थाना क्षेत्र के जवारी गांव के रिहाई देहरी (58), चिहुंटिया के किरण राय (62) और हंसडीहा थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव के निवासी मुकेश राय (24) ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल सभी लोग रामगढ़ थाना क्षेत्र के चिहुंटिया गांव के निवासी हैं। परिजनों के अनुसार चिहुंटिया गांव के किस्टु देहरी की बेटी की शादी का तिलक चढ़ाने जीप पर सभी आमड़ापाड़ा जा रहे थे। पुलिस के अनुसार गोपीकांदर थाना क्षेत्र के जियापानी गांव के पास ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया व पहले से सड़क के किनारे खड़ी हाइवा से सवारी गाड़ी को धक्का मार दिया।

[URIS id=8357]

घटना में घायल चिहुंटिया गांव की लक्ष्मी कुमारी (2), नंदलाल राय, चांदनी देहरी, बुधनी देहराईन, मलोती देहराईन, साहावती कुमारी, भीम देहरी, आन्दू राय, प्रेमलाल सिंह, भागवत राय, आमड़ा पहाड़ी गांव के सदानंद पहाड़िया, जवारी गांव के देवनारायण देहरी का सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इधर घटना की सूचना मिलते ही शादी की खुशियों के बीच मातम फैल गया। घर में लोगों का रो- रोकर बुरा हाल है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More