रांची: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राय महिमापत रे ने बुधवार को पंडरा कृषि बाजार स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया और रांची लोकसभा क्षेत्र की मतगणना को लेकर आवश्यक बैठक भी की। बैठक में जनरल आब्जर्वर, डीडीसी, एसडीएम रांची, एसएसपी, सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और मतगणनाकर्मी उपस्थित थे। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक अनीष गुप्ता ने मतगणना को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
उपायुक्त ने बताया कि मतगणना की पूरी तैयारी कर ली गयी है। गुरूवार को सवेरे आठ बजे से मतगणना शुरु हो जायेगी। उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों व कर्मियों को निर्धारित समय पर अपने कार्य स्थान पर आने का आदेश दिया गया है। रे ने बताया कि रांची संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत हर विधानसभा क्षेत्र में पांच वीपीपैट की पर्ची की काउंटिंग होगी, कुल 30 वीवीपैट की पर्ची की काउंटिंग की जायेगी। उन्होंने बताया कि 08-रांची संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना 21 राउंड में होगी और हर राउंड की जानकारी मीडिया को दी जायेगी।
[URIS id=8357]
नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल फोन:
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता ने पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि 23 मई की सुबह 6 बजे स्ट्राॅन्ग रुम खोला जायेगा, सभी कर्मी सुबह चार बजे उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि काउंटिंग हाॅल में मोबाइल फोन या किसी तरह के इलेक्ट्राॅनिक डिवाइस ले जाने की मनाही है। कोई भी कर्मी, काउंटिंग एजेंट काउंटिंग हाॅल में मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। एसएसपी ने कहा कि मतगणना के दौरान अधिकारी व कर्मियों को अपना पोस्ट खाली नही छोड़ना है। कहा कि मतगणना के दौरान राजनीतिक दल या किसी व्यक्ति के उकसावे में न आये, गंभीरता से अपने कर्तव्य का निर्वहन करें और संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी होने पर तुरंत इसकी जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दें ताकि कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि बाजार समिति में पर्याप्त संख्या में पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहेंगे। सभी को अपने निर्धारित ड्यूटी के तहत काम कहना है। रांची जिला और शहर में संवेदनशील स्थानों में क्यूआरटी को तैनात किया गया है, साथ ही रैफ की कंपनी भी उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा सभी थानों में लाठी पार्टी की भी व्यवस्था की गयी है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बाजार समिति में कंट्रोल रुम बनाया गया है, रैप की कंपनी भी उपलब्ध रहेगी। साथ ही प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अलग- अलग क्षेत्रों का प्रभार दिया गया है, सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने- अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे।