हजारीबाग: लोहसिंघना थाना क्षेत्र के कल्लू चौक के समीप बालू लदे 14 ट्रैक्टरों को एसडीओ मेघा भारद्वाज के नेतृत्व में जिला टास्क फोर्स की टीम ने जब्त किया है। सभी जब्त ट्रैक्टरों को पुलिस लाइन में रखा गया है। प्रशासन द्वारा कुल 21 ट्रैक्टर पकड़ा गया था, जिसमें से 14 ट्रैक्टर पर बालू लदा था, जबकि सात अन्य ट्रैक्टरों पर ईंट लदा हुआ था।
ईंट लदे ट्रैक्टरों को छोड़ दिया गया है। इस संबंध में डीएफओ दिलीप यादव ने बताया कि किसी के पास माईनिंग विभाग द्वारा जारी ई-चलान नहीं पाया गया। इनलोगों को कागजात उपलब्ध कराने के लिए इन्हें 6 घंटे का समय दिया गया है। कागजात उपलब्ध नहीं कराने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई। बता दें कि जिला में माईनिंग विभाग द्वारा बालू का स्टाॅक तीन जगहों पर किया गया है। आजकल सभी ट्रैक्टरों द्वारा विभाग द्वारा स्टाॅक किए गए बालू से न लेकर दूसरे जगह से लेकर टैक्स की चोरी कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि यह कार्रवाई हर दो दिन पर लगातार चलती रहेगी, ताकि बिना ई-चालान के कोई बालू उठाव न कर सके।