पीएम आगमन से पूर्व बीजेपी ने जारी किया कोल्हान का रिर्पोट कार्ड

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाईबासा में आहूत जनसभा से पूर्व ही भाजपा द्वारा कोल्हान का रिर्पोट जारी करते हुये दावा किया गया कि केंद्र व प्रदेश की सरकार के अथक प्रयास का ही नतीजा है, कि कोल्हान विकास की मुख्यधारा में जुड़ गया। रविवार को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया को बताया कि जमशेदपुर व सिंहभूम लोस क्षेत्र में विगत पांच वर्षों में 1,600 करोड़ रुपये की लागत से 832 किलोमीटर सड़क का निर्माण हुआ। इसके अलावे 1,215 करोड़ की लागत से एनएच 33 पर महुलिया-बहरागोरा मार्ग के 121 किलोमीटर मार्ग का सुदृढ़ीकरण कार्य जारी है।
शाहदेव ने बताया कि पश्चिम सिंहभूम में एनएच 75 पर हाट गम्हरिया-जैंतगढ़ की मरमत और चौड़ीकरण का कार्य 146 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। कहा कि अनेक तकनीकी व कानूनी परेशानियों के बावजूद टाटा-रांची हाईवे को 18 महीने में बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावे चाईबासा में 300 बेड के अस्पताल वाले मेडिकल कॉलेज का निर्माण जारी है तो दूसरी ओर टाटा में एमजीएम कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भी 500 बेड के अस्पताल का निर्माण हो रहा है। इन दोनों लोकसभा क्षेत्रों में 2,200 युवाओं को कौशल विकास के अंतर्गत रोजगार दिया जा चुका है। कोल्हान में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के अंतर्गत 8 ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की शुरुआत कर लाखों ग्रामीणों के घरों में पेयजल पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सिर्फ जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के 16,589 परिवारों को अपना घर मिला है।
उन्होंने बताया कि इंदिरा आवास योजना के अंतर्गत 14,455 परिवारों को आवास मुहैया कराया जा चुका है। इसके अतिरिक्त बाबा साहेब योजना के अंतर्गत 299 व बिरसा आवास योजना के अंतर्गत 543 परिवारों घर दिया गया है। सिर्फ जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 29 उप-स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जारी है। सिंहभूम लोस क्षेत्र के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 9,611 लोगों को आवास, बाबा साहेब योजना के अंतर्गत 288 लोगों को आवास, इंदिरा आवास के अंतर्गत 14,027 लोगों को, बिरसा आवास योजना के अंतर्गत 526 लोगों को आवास दिया गया है। शाहदेव ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र के इन दोनों लोकसभा क्षेत्रों में सखी मंडल के जरिये 3.5 लाख महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर स्वावलंबी बनाया गया। इस बाबत लोस मीडिया कमेटी सदस्यों के अलावे पूर्व प्रदेश प्रवक्ता प्रेम मित्तल भी मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More