रांची: झारखंड के दुर्दांत नक्सली कमांडर कुंदन पाहन को साक्ष्य के आभाव में शनिवार को अदालत ने बरी कर दिया है। मामला 2009 में नामकुम में हुये एक मुठभेड़ का है। सिविल कोर्ट के जज एसके सिंह की अदालत ने इस घटना में उसे दोषी नहीं पाया। गौरतलब हो कि मई, 2017 में पुलिस के समक्ष सरेंडर करने वाला ये कुंदन कई सालों तक पुलिस का सिरदर्द बना हुआ था। पूरे क्षेत्र में इसकी तूती बोलती थी।
कुंदन आतंक के एक पर्याय के तौर पर ग्रामीणों के दहशत का कारक बना हुआ था। 6 अक्तूबर, 2009 को विशेष शाखा के इंस्पेक्टर फ्रांसिस इंदवार का अड़की से अपहरण कर उनकी हत्या कर दी गई थी। इंस्पेक्टर इंदवार का शव दो दिन बाद रांची-टाटा रोड पर पाया गया था। डीएसपी, इंस्पेक्टर व कई पुलिसकर्मियों की हत्या सहित इसपर कुल 128 आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। कुंदन ने सरेंडर करने के बाद कहा था कि उसका नक्सलवाद से मोह भंग हो गया है, क्यों कि नक्सली अपने मूल सिद्धांतों से भटक गये हैं। कहा था कि अपराध की दुनिया में जो भी गलत कार्य किये, उसका उसे पछतावा है। फिलहाल वह जेल में बंद है।