घर-घर जाकर सुबोधकांत ने मांगे वोट

रांची: कांग्रेस नेता सह रांची संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी सुबोधकांत ने गुरुवार को हरमू रोड स्थित पहाड़ीटोला क्षेत्र में अपने कार्यकर्ताओं व लोगों के घर जा-जाकर वोट मांगा। उन्होंने कहा कि राज्य व देश के लोग भाजपाई शासन में काफी परेशान हो चुके हैं व बदलाव के मुड में है। जनता कांग्रेस को सत्ता देती है, तो सभी आकांक्षाओं को पूरा किया जायेगा।
न्याय योजना के माध्यम से सभी गरीबों का कल्याण होगा। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने भी सुबोधकांत के समर्थन में लोगों से मतदान करने की अपील की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक लाल व रांची के पूर्व मेयर उदय प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से लोगों से सुबोधकांत को जिताने की अपील की। दीपक लाल ने कहा कि सुबोधकांत जी सर्वसुलभ नेता हैं। वे नेता कम समाजसेवी ज्यादा हैं। वे रांची संसदीय क्षेत्र के लोगों के सुख-दुःख में हमेशा मौजूद रहते हैं। जन समस्याओं के निदान के लिए संघर्षरत रहते हैं। दीपक ने कहा कि सुबोधकांत वातानुकूलित कमरे में बैठकर राजनीति नहीं करते बल्कि मैदान पर लोगों के बीच में रहते हैं। पूर्व मेयर उदय प्रताप सिंह ने भी कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने की वकालत की।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More