रांची: नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय पर आरोप लगाया है कि बतौर सांसद इन्होंने विकास के लिए कोई कार्य नही किया। कहा कि नारियल फोड़ने, बोर्ड लगाने व शिलान्यास के अतिरिक्त इन्होंने कुछ नही किया। राजधानी का विकास केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार में हुआ।
सिंह ने कहा कि साढ़े चार साल में ऐतिहासिक विकास कार्य हुये हैं। कहा कि मुख्यमंत्री रहते हेमंत सोरेन ने कई विध्वंसक काम किए। इस्लामनगर को तोड़ने का काम हुआ। रघुवर दास की सरकार वहां पर 444 फ्लैट बनवा रही है। हेमंत के कार्यकाल में हज हाउस का निर्माण चल रहा था। गुणवत्ता ठीक नहीं रहने के कारण उसे तोड़ना पड़ा। रघुवर सरकार के कार्यकाल में बेहतरीन हज हाउस 65 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हो गया है। कहा कि डबल इंजन की सरकार के कार्यकाल में सभी क्षेत्रों में विकास के काम हुए हैं। वर्ष 2000 से 2014 तक झारखंड के 13 निकायों में गरीबों के लिए मात्र 7,111 आवास बनें। बीते साढ़े चार वर्षों में 1,58,386 आवासों की स्वीकृति दी गई। दस साल की तुलना में साढ़े चार साल में पांच गुना से अधिक आवासों में गृह प्रवेश हो चुका है। रांची के 32 तालाबों का सौंदर्यीकरण डबल इंजन की सरकार के कार्यकाल में हुआ। उसके पहले के दस सालों में एक भी तालाब का सौंदर्यीकरण नहीं हुआ था। रांची के बड़ा तालाब में स्वामी विवेककानंद की 33 फीट की प्रतिमा लगाई गई। नगर भवन बन रहा है। वेंडर मार्केट बनकर तैयार है। इसमें अगले महीने फुटपाथ दुकानदारों को शिफ्ट किया जाएगा। स्मार्ट सिटी का निर्माण कार्य जारी है।