भाजपा में वन मैन शो, मोदी तानाशाह: शत्रुघ्न सिन्हा

रांची: झारखंड की राजधानी में बिहारी बाबू उर्फ शॉटगन ने भाजपा पर जमकर स्टेनगन चलाये और पीएम पर सीधे निशाना साधते हुये कहा कि भाजपा अब वन मैन शो टू मैन आर्मी बनकर रह गई है। तानाशाही से यहां देश चलाने की बात हो रही है और पार्टी की नीवं को मजबूती देनेवाले आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, यशवंत सिन्हा जैसे दिग्गजों के साथ दुर्व्यवहार हुआ। ऐसे ही कारणों से मेरा मन व्यथित व विचलित हो गया, जिसके कारण ही भाजपा से मोह भंग हो गया। सिन्हा कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय के प्रचार करने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। शत्रुघ्न भाजपा छोड़ कांग्रेस की टिकट पर बिहार के पटना साहिब से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी पूनम सिन्हा उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं की सहमति से सपा-बसपा गठबंधन की प्रत्याशी बनी हैं व निश्चित चुनाव जीतेंगी। बेबाक अंदाज में उन्होंने मोदी व अमित शाह की जोड़ी पर वार किये। कहा कि भाजपा सरकार ने अपने वायदे नही निभाये। दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात कही, उल्टे यहां लोग बेरोजगार हो गये। देश में 100 स्मार्ट सिटी बनाने का दावा किया गया, लेकिन एक भी नही बनी। उन्होंने कांग्रेस में आने की बात को देर से लिया गया दुरुस्त फैसला बताया, कहा कि भाजपा व मोदी के लिए ये चुनाव चल-चलंती की बेला है।
बिहारी बाबू ने कांग्रेसी घोषणापत्र की तारीफ करते हुये दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में लोगों का तेजी से विकास होगा। मोदी ने 2014 में अपने वादे पूरे नही किये, इसी कारण कांग्रेस की योजनाओं को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। कहा कि भाजपा में महज एक व्यक्ति फैसला लेता है, लेकिन बाकी पार्टियों में सामूहिक फैसले होते हैं।
राष्ट्रहित पर राजनीति नहीं
मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वैश्विक आतंकवादी घोषित किये जाने के फैसले से जुड़े एक सवाल पर शत्रुघ्न सिन्हा ने इसकी तारीफ की। कहा कि ये देश-विदेश की मदद से संभव हुआ। कहा कि देश की रक्षा, सुरक्षा व अस्मिता के सवाल पर हम सेना को सलाम करते हैं। इस प्रकरण का राजनीतिक लाभ लेने का किसी को कोई अधिकार नही है। उन्होंने मोदी सरकार पर इसका राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया। पाकिस्तान के बालाकोट में सर्जिकल स्ट्राइक के सरकार के दावे पर भी परोक्ष रूप से सवाल उठाये।
बीएसएफ जवान का नामांकन रद्द होना संदेह पैदा करता है
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वाराणसी में पीएम मोदी के खिलाफ नामांकन दाखिल करने वाले एक बीएसएफ जवान तेज बहादुर यादव का पर्चा रद्द हो जाता है, ऐसे में संदेह होना लाजमी है। कहा कि चुनाव आयोग के निर्णय पर मैं सवाल नही खड़ा करता, लेकिन दाल में कुछ न कुछ काला जरुर है।
नोटबंदी, जीएसटी व राफेल पर बोले शत्रु
नोटबंदी व जीएसटी को लागू करने के मामले में केंद्र सरकार के फैसले को उन्होंने कठघरे में खड़ा कर दिया। कहा कि इससे आम आदमी व व्यापारी वर्ग पूरी तरह से तबाह हो गये। लाखों लोगों का रोजगार चला गया। इसे जब पार्टी फोरम में उठाना चाहा, तो किसी ने ध्यान नही दिया। सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में संवाद अत्यावश्यक  है, लेकिन विडंबना है कि भाजपा में ये सब खत्म हो गया है। राफेल सौदा पर उन्होंने कहा कि वे इस बाबत घोटाले की बात नहीं कह रहे हैं, लेकिन कुछ ऐसे सवाल हैं, जिनपर उत्तर देना आवश्यक है। .
रविशंकर मेरे मित्र, रिकार्ड मत से जीतूंगा
पटनासाहिब से उनके खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी रविशंकर प्रसाद को उन्होंने अपना मित्र बताया। कहा कि उनसे मेरे पारिवारिक संबंध हैं। लोकतंत्र में हर कोई चुनाव लड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पहले भी वे रिकार्ड मत से चुनाव जीते थे और इस बार भी उसे दोहरायेंगे।
मुझे सुबोधकांत ने लाया सार्वजनिक जीवन में
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि राजनीति में उनका लालन-पालन भारत रत्न नानाजी देशमुख, अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी व मुरली मनोहर जोशी सरीखे अभूतपूर्व नेताओं की देखरेख में हुआ है और मुझे सार्वजनिक जीवन में लाने का श्रेय सुबोधकांत सहाय को जाता है। ऐसे में हर हाल में इनके प्रचार के लिये मुझे आना था। कहा कि महागठबंधन का बोलबाला हर जगह हावी है। अपने चीर-परिचित अंदाज में खामोश…..कहकर उन्होंने अपनी बातों को विराम दिया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More