रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन को लोकसभा चुनावों से ठीक पहले जान से मारने की धमकी दी गई है। ये धमकी भरा पत्र उन्हें स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा गया है। अविनाश कुमार सिन्हा नाम के अधिवक्ता के लेटर पैड पर भाकपा माओवादी के नाम पर दी गई धमकी में हेमंत सोरेन को 23 मई तक राज्य से बाहर चले जाने को कहा गया है। इसके अलावे चारों लोकसभा सीट के झामुमो प्रत्याशियों को भी राज्य से बाहर चले जाने की बात कही गई है। धमकी देकर कहा गया कि यदि बात नही मानी गई तो कोडरमा के कांग्रेस जिलाध्याक्ष शंकर यादव की तरह वाहन समेत उड़ा दिया जायेगा।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करे। झामुमो ने पूरे मामले को लेकर अरगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। गौरतलब हो कि विगत दिनों इसी प्रकार से पूर्व मुख्यमंत्री व झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी को पत्र लिखकर जान से मारने की धमकी दी गई थी। ये पत्र नक्सलियों के नाम से लिखा गया था। रांची से डाक के द्वारा चिट्ठी उनके गिरिडीह स्थित घर के पते पर भेजी गई थी। चिट्ठी में अविनाश कुमार सिन्हा नाम के वकील के ही लेटर पैड का इस्तेमाल किया गया था। अविनाश गिरिडीह के बरमसिया के निवासी हैं। चिट्ठी में चुनाव को लेकर बीजेपी के साथ समझौता होने का दावा किया गया था। इसमें बाबूलाल मरांडी को 23 मार्च से 19 अप्रैल तक झारखंड में नहीं रहने को कहा गया था।