नशा पड़ा भारी, अभियंता का एसपीजी ने कराया मेडिकल

गिरिडीह: पीएम मोदी के चुनावी रैली की तैयारी के दौरान शराब के नशे में ड्यूटी करना भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को मंहगा पड़ गया। शराब के नशे में ड्यूटी करते देख प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लगी एसपीजी के अधिकारियों का गुस्सा भड़क उठा व उन्होंने मौके पर ही अभियंता हरीशचंद्र चाकीदिघी को जमकर फटकारते हुये वहां मौजूद एसपी सुरेंद्र झा को मेडिकल जांच कराने का निर्देश दिया। तुरंत साइबर डीएसपी संदीप सुमन समदर्शी आरोपी को हिरासत में लेकर सदर अस्पताल पहुंचे व उनका ब्लड सैंपल लिया गया।
गौरतलब है की आगामी 29 अप्रैल को जमुआ प्रखंड के नावाडीह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुनावी रैली आहूत है। चुनावी रैली को लेकर प्रशासनिक व पुलिस महकमा द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही है। जिले से लेकर राज्य स्तर के आलाधिकारी तैयारी का लगातार जायजा ले रहे हैं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए कार्यक्रम स्थल को भी पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पीएम की सुरक्षा में तैनात एसपीजी के अधिकारी शुक्रवार से ही सभास्थल की निगहबानी में लगे हुए हैं। वहीं पीएम के दौरा में शामिल हेलीकाप्टर की लैंडिंग के लिए हेलिपैड का निर्माण भी युद्धस्तर पर किया जा रहा है। हेलिपैड के निर्माण की जिम्मेवारी भवन प्रमंडल विभाग के कार्यपालक अभियंता हरीशचंद्र चाकीदिघी को दिया गया था। शनिवार को वे शराब के नशे में सभास्थल में हैलीपैड का कार्य करवा रहे थे। इसी बीच हैलीपैड बनाने में हो रही देरी पर एसपीजी के अधिकारी मुआयना करने पहुंचे, वहां चाकीदिघी को नशे में देख एसपीजी अधिकारियों का गुस्सा भड़क उठा। फिलहाल मेडिकल जांच के बाद अभियंता को जमुआ थाना में ही हिरासत में रखा गया है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More