गिरिडीह: जिले के पीरटांड़ थाना अंतर्गत बनासो गांव में एक दर्दनाक हादसे ने कोहराम मचा दिया। यहां करंट की चपेट में आने से पिता- पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरा परिवार सदमे में है व गांव में मातम पसरा है। दरअसल भीषण गर्मी की वजह से सोनू राय का 17 वर्षीय पुत्र चमटू राय पंखा बनाने में जुटा हुआ था। इसी दौरान चमटू का हाथ नंगे तार को जा लगा, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया।
उसे तड़पता देख कर उसके पिता सोनू राय उसे बचाने पहुंचे तो वे भी बिजली के प्रवाह में आ गए। दोनों पिता- पुत्र को छटपटाता देख घर के अन्य सदस्य भी दौड़े, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। इस दौरान बचने के प्रयास में चमटू की मां भी घायल हो गई। घटना से परिजनों समेत पूरे गांव में मातम पसरा है।घटना की सूचना मिलते ही पीरटांड़ पुलिस मौके पर पहुंची व शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।